
भारत पे के को-फाउंडर और शार्क टैंक के शार्क अश्नीर ग्रोवर ने स्वच्छता सर्वे खरीदने के बयान पर इंदौर के लोगों से माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि हंसी ठिठौली में बोली गई बात पर अनावश्यक रूप से राजनीति की जा रही है। किसी भी नेता से माफी नहीं मांगूंगा। FIR कराओ या मुकदमा दायर कर दो। मामले को लेकर इंदौर महापौर का कहना है कि इंदौर से उन्होंने (अश्नीर ग्रोवर) ने माफी मांग ली यह पर्याप्त है।
दरअसल, रविवार को मोटिवेशनल स्पीकर अश्नीर ग्रोवर इंदौर आए और उन्होंने दावा किया था कि इंदौर की स्वच्छता का सर्वे खरीदा गया है। उनके इस बयान पर राजनीतिक बवाल उठा और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने तुरंत आपत्ति दर्ज कराते हुए कार्रवाई का बात कही थी। इसके बाद ग्रोवर के खिलाफ इंदौर के लसुड़िया थाने में केस दर्ज हुआ है। उनका पुतला भी फूंका गया।
56 दुकान व्यापारी एसोसिएशन ने भी माफी मांगने तक उनकी 56 दुकान में एंट्री बैन कर दी है। इसके बाद उन्होंने सोमवार रात 11.30 बजे सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी।
इंदौर की मेहमाननवाजी पर पूरा भरोसा
उन्होंने आगे कहा कि यह चुनावी साल हो सकता है लेकिन जनता समझदार है। इंदौर के लोग तो बेहद समझदार हैं। मेरी जब और जितनी बार इच्छा होगी, मैं इंदौर आऊंगा और मुझे इंदौरी मेहमाननवाजी पर पूरा भरोसा है।
इंदौर के स्वच्छता सर्वे को लेकर ये दिया था बयान
मोटिवेशनल स्पीकर अश्नीर ग्रोवर एक कार्यक्रम में टॉक शो के दौरान दावा किया था कि इंदौर की स्वच्छता का सर्वे खरीदा गया है। ‘मैंने तीन-चार साल सुन लिया कि इंदौर स्वच्छ शहर है। यह सर्वे खरीदा है। क्लीनेस्ट में सिर्फ चिप्स के पैकेट को नहीं गिनते मलबे को भी गिनते हैं। उन्होंने कहा कि हर जगह कंस्ट्रक्शन चल रहा है। मैं यह नहीं कहता कि गंदगी है, लेकिन कोई मुझसे व्यक्तिगत पूछे तो मैं भोपाल को ज्यादा बेहतर मानता हूं।
अच्छा है कि वहां मेट्रो नहीं बना रहे हैं। फिर अपनी बात को सुधार करते हुए कहा कि या जहां बना रहे हैं वहां मैं गया ही नहीं। लोग मुझे कहते हैं कि 10 बजे बाद भोपाल में करने को कुछ नहीं होता। मैं वैसे भी शराब नहीं पीता। रात 10 बजे बाद यहां जो हरकतें होती है इसकी तुलना में मैं भोपाल को पसंद करता हूं।
इंदौर महापौर ने कहा था-मानहानि का केस कराएंगे
खास बात यह रही कि उनके इस बयान को लेकर ऑडियंस ने जरूर हूटिंग की। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। जिसके बाद से ग्रोवर का चौतरफा विरोध हुआ। इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा था कि वे इस मामले में ग्रोवर के खिलाफ मानहानि का केस लगाएंगे। इसके साथ ही एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। ऐसे फ्रॉड लोगों को बुलाने पर आयोजकों को बचना चाहिए। यह इंदौर के साथ इंदौर वासियों का अपमान है।
56 दुकान व्यापारियों एसोसिएशन में माफी मांगने तक लगाया बैन
56 दुकान व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष गुंजन शर्मा ने सोमवार को कहा था कि स्वच्छता के मामले में इंदौर देश में नंबर वन है। लगातार 6 बार से यह मुकाम अपनी मेहनत से हासिल कर रहा है लेकिन अश्नीर ग्रोवर ने इंदौर की स्वच्छता को लेकर जो बयान दिया है वो घोर आपत्तिजनक है और उन्होंने इंदौर वासियों का अपमान किया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक अपने बयान को लेकर अश्नीर ग्रोवर माफी नहीं मांगेंगे उन्हें 56 दुकान में एंट्री नहीं दी जाएगी। यहां उनके प्रवेश को प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है।