इंदौर। आर्मी की तैयारी कर रहे छात्र को कोचिंग टीचर व उसके साथियों ने पाइप से बुरी तरह पीटा

राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात एक अफसर के बेटे के साथ कोचिंग क्लास टीचर और उसके दो साथियों ने प्लास्टिक के पाइप से मारपीट की है। मामला सामने आते ही केस दर्ज किया गया है। युवक दिल्ली से इंदौर आकर भंवरकुआं स्थित एक कोचिंग क्लास में आर्मी में भर्ती की तैयारी कर रहा है। वह सुबह तेज दौड़ नहीं पाया तो टीचर ने उसे प्लास्टिक के पाइप से पीटा।

भंवरकुआं पुलिस ने हर्ष पिता विनोद कुमार हुड्डा (18) निवासी क्वार्टर 41, राष्ट्रपति भवन, सेंट्रल दिल्ली की शिकायत पर आनंद नगर चितावद की फिजिकल एकेडमी के संचालक जितेंद्र और साथी शिक्षक विनोद व तारा के खिलाफ केस दर्ज किया है। हर्ष आरोपियों की कोचिंग में पढ़ता है और उन्हीं के होस्टल में रहता है। हर्ष ने बताया कि उसके पिता सूबेदार होकर राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात हैं। मैं भी आर्मी में जाना चाहता हूं। दोस्तों से पता चला कि इंदौर में फिजिकल अकेडमी अच्छी है, इसलिए यहां आ गया।

ग्राउंड में सभी के सामने मारते रहे मुझे

हर्ष ने बताया- मंगलवार को तबीयत खराब थी। हॉस्पिटल जाने की सूचना स्टाफ को दी थी। अगले दिन ग्राउंड पर गया तो वीकनेस के कारण दौड़ में मैं पीछे रह गया। तभी जितेंद्र सर ने पीछे से प्लास्टिक का डंडा मारा। मैंने कहा सर मेरी तबीयत खराब है, इसलिए दौड़ नहीं पा रहा हूं। उन्होंने फिर डंडा मार दिया। मैंने कहा ऐसे मत मारो। मेरे पिता भी आर्मी में हैं। मैं वहीं जाकर तैयारी कर लूंगा। तभी उनके साथी आ गए और तीनों ने पाइप से सभी के सामने मुझे बुरी तरह पीटा।

कान से खून व पानी निकलने लगा

उन्होंने इतना पीटा कि एक कान से सुनना बंद हो गया। कान से पानी और खून निकलने लगा। अभी डॉक्टर ने दवाई दी और कहा कि इससे ठीक नहीं हुआ तो ऑपरेशन करना होगा। इसके बाद मैंने पिता को फोन लगाया और केस दर्ज करवाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *