सौ दिनों तक कोरोना के स्थानीय संक्रमण से बचे वियतनाम में आया पहला केस, सघन जांच के निर्देश
सौ दिनों तक कोरोना के स्थानीय संक्रमण से बचे रहे वियतनाम में अब इस तरह का पहला मामला सामने आया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सघन स्क्रीनिंग शुरू कर दी है।
सौ दिनों तक कोरोना के स्थानीय संक्रमण के किसी मामले से बचे रहे वियतनाम में अब इस तरह का पहला मामला सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक, डनांग शहर में 57 वर्षीय एक व्यक्ति को शनिवार को कोरोना से संक्रमित पाया गया। अभी यह पता नहीं चला है कि ये व्यक्ति कैसे कोरोना संक्रमण का शिकार हुआ। कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने सघन स्क्रीनिंग और परीक्षण आरंभ कर दिए हैं।
सभी लोगों की जांच
संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच की गई है और उन्हें क्वारंटीन में भेज दिया गया है। अभी तक कोई अन्य मामला सामने नहीं आया है। वियतनाम में सामने आए नए मामले से पता चलता है कि संक्रमण को रोकने के लिए कितने भी बड़े कदम उठाए जाएं, इसके प्रसार को रोकना कितना कठिन है। अधिकारी परेशान हैं कि इस व्यक्ति को संक्रमण कैसे हुआ, क्योंकि उसका लगभग पूरा समय घर के भीतर ही गुजरता रहा है।
सबसे सफल देशों में शामिल है वियतनाम
कोरोना को रोकने के मामले में वियतनाम दुनिया के सबसे अधिक सफल देशों में शामिल है। देश में अभी तक केवल 416 मामले सामने आए हैं और एक भी मौत नहीं हुई है। वियतनाम में लगभग उसी समय से सख्ती पाबंदियां लागू कर दी गई थीं जब चीन में इस बीमारी के उभरने का शुरुआती चरण था। यहां दूसरे देशों के नागरिकों के आने पर अभी भी पाबंदी है। हालांकि वियतनाम अब जल्द ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारी में है।
