
मिंटो हॉल में काम कर चुके आर्किटेक्ट मिलिंद जुमड़े (46) सुसाइड केस में इंदौर पुलिस ने कई खुलासे किए हैं। मिलिंद ने सुसाइड नोट में दो लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। इनमें इंदौर मॉलिक्यूल बार पार्टनर राजेश खांडे और भोपाल मॉलिक्यूल बार पार्टनर प्रिमेश मेहता पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। इसमें यह भी लिखा है कि बार के शेयर बेचने के बाद से उनका पत्नी से झगड़ा होता था, जिससे वो तलाक लेने का निर्णय ले चुकी थी।
इंदौर एडिशनल डीसीपी जोन-2 अमरेंद्र सिंह के अनुसार, राजेश खांडे और प्रिमेश मेहता से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद मिलिंद की पत्नी प्रीति के बयान लिए जाएंगे। सुसाइड नोट में जिक्र है कि दोनों पार्टनर ने मिलिंद को करोड़ों रुपयों का नुकसान पहुंचाया है। कुछ प्रोजेक्ट्स में उसे घाटा करवाया है। इस कारण वह तनाव में था
पहले पूरा मामला जानिए
मिलिंद जुमड़े ने इंदौर के लसूड़िया स्थित होटल ला फ्लोरा में सल्फास खाने के बाद हाथ की नस काटकर सुसाइड कर लिया था। पुलिस को होटल में साढ़े छह पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। जानकारी के मुताबिक मिलिंद भोपाल के शाहपुरा के रहने वाले थे। वो अर्थ एसोसिएट के प्रोपराइटर थे।
मिलिंद ने मिंटो हॉल, सैर सपाटा जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट्स में काम किया था। मिलिंद 30 सितंबर से इंदौर के होटल में रुके हुए थे। उन्होंने 2 अक्टूबर को होटल स्टाफ से कहा था कि कल के पैसे एडवांस ले लो पर मुझे डिस्टर्ब मत करना।
4 अक्टूबर को परिजन लोकेशन के आधार पर होटल पहुंचे। होटल के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे खोला गया तो मिलिंद का शव कमरे के बाथरूम में पड़ा हुआ था। एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह का कहना है कि सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। जांच के बाद राजेश खांडे और प्रिमेश मेहता पर मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।
मिलिंद ने सुसाइड नोट में क्या लिखा…
पार्टनर बोला- मरता है तो मर जाए
राजेश खांडे की वजह से मैं आत्महत्या कर रहा हूं। उसने जबरदस्ती पैसों की वसूली की। मॉलिक्यूल इंदौर में यह मेरा पार्टनर है। इसने मॉलिक्यूल प्रोजेक्ट में जबरदस्ती करोड़ों रुपए का दबाव बनाया। सिद्धांत ओझा जी से राजेश ने कहा कि ‘यह व्यक्ति मरता है तो मरे। मैं तो इससे पैसे लेकर रहूंगा।’ आपसी सहमति से यह मेरी पत्नी को कई माह पहले प्रोजेक्ट से बाहर कर चुके हैं। पत्नी के 7.5 प्रतिशत शेयर अपने पास रख लिए।
पत्नी ने तलाक लेने का फैसला किया
मैं इधर-उधर से लेकर राशि दे चुका हूं। फिर भी यह डेढ़ करोड़ रुपए के लिए दबाव बना रहे हैं। इसी तरह भोपाल मॉलिक्यूल के प्रिमेश मेहता ने भी मेरे साथ छल किया। प्रिमेश ने 2.20 करोड़ की लागत वाले मॉलिक्यूल बार का खर्च 4.40 करोड़ बताया। उसके दबाव में पत्नी का पूरा शेयर बेचना पड़ा। 2.60 करोड़ रुपए मैंने इंदौर मॉलिक्यूल में पहुंचाए। जबकि वहां मेरी पत्नी की पार्टनरशिप 52 लाख रुपए की बनती है। राजेश खांडे की वजह से मुझे लोगों से कर्जा लेना पड़ा। पैसों के दबाव में आठ महीनों से पत्नी से झगड़े हो रहे हैं। परेशान होकर पत्नी ने तलाक का निर्णय लिया। खांडे की वजह से मेरा पूरा परिवार बिखर गया।
पत्नी-बच्ची से दूर नहीं रह सकता
प्रोजेक्ट में 2.60 करोड़ लेने के बाद 1.5 करोड़ और देने का दबाव बना रहे हैं। मेरा पूरा जीवन राजेश खांडे और प्रिमेश मेहता की वजह से बर्बाद हो गया। अब और पैसे नहीं दे सकता। ज्यादा दबाव नहीं झेल सकता। इसलिए सुसाइड कर रहा हूं। न पत्नी साथ है, न बच्ची। खांडे के दबाव में यशोदा परिसर का घर बेचना पड़ा। पत्नी ने भी समझा कि मैंने करोड़ों का हेरफेर किया। करोड़ों रुपयों का दबाव और परिवार का बिखरना असहनीय है। बेटी, जिसे जान से ज्यादा चाहता हूं, उससे दूरी नहीं सह सकता।
मॉलिक्यूल बार के ढाई करोड़ के शेयर बेचे
बार एंड रेस्टोरेंट से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि मिलिंद ने पार्टनरशिप खत्म करने 50 प्रतिशत शेयर बेच दिए थे। यह सभी शेयर प्रीति जुमड़े के नाम से थे। मिलिंद ने यह शेयर करीब ढाई करोड़ रुपए में बेचे थे। फंड की कमी को दूर करने के लिए पार्टनरशिप खत्म कर दी थी।
पार्टनरशिप खत्म होने के बाद से नहीं हुई बात
भोपाल मॉलिक्यूल के डायरेक्टर मेहता ने बताया कि फर्म में प्रीति जुमड़े पार्टनर थी। उन्होंने छह महीने पहले अपने शेयर बेचकर पार्टनरशिप खत्म कर दी थी। इसके बाद से ही मिलिंद से बात होना बंद हो गई थी। जब उनकी पत्नी रेस्टोरेंट में पार्टनर थी, तब मंथली बिजनेस रिव्यू मीटिंग मिलिंद संभालते थे।
कॉलोनी में छाया मातम
भोपाल के शाहपुरा इलाके में स्थित रुद्राक्ष पार्क में बने मिलिंद के घर और कॉलोनी में बुधवार रात से ही मातम का माहौल था। पड़ोसी दिनभर मिलिंद के शव का इंतजार करते रहे, वहीं अंतिम संस्कार के इंतजाम भी करते दिखे। मिलिंद के रिश्तेदार गुरुवार शाम को शव लेकर पहले कॉलोनी में आए, फिर तुरंत बाद कोलार स्थित श्मशान घाट पर मिलिंद का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मिलिंद के दोस्त और उनके कई परिजन मौजूद रहे। रिश्तेदारों ने बताया कि हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी