
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय गुरुवार को नागदा पहुंचे। यहां वे विधानसभा चुनाव में जीत को आश्वस्त दिखाई दिए। इसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में उन्होंने कहते दिख रहे हैं कि मैं क्षेत्र में क्षेत्र में जाऊं या ना जाऊं। कम से कम 50 हजार वोट से चुनाव जीतूंगा। प्रदेशभर में घूमूंगा। इसके बाद भी 50 हजार से जीतूंगा। कांग्रेस ने वीडियो वायरल होने के बाद इसे कैलाश विजयवर्गीय का घमंड बताया।
नागदा में बीजेपी से तेज बहादुर सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पूर्व विधायक बीजेपी नेता दिलीप शेखावत ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। अपने समर्थको के साथ कई बार प्रदर्शन कर भोपाल में वरिष्ठ नेताओं से मिलने का मन भी बना चुके थे। इस बीच गुरुवार को बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय कार्यकर्ताओं को जीत का पाठ पढ़ाने नागदा पहुंचे, यहाँ कार्यक्रम से पहले वे दिलीप शेखावत के घर पहुंचे।
यहां शेखावत के समर्थकों को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि मैं क्षेत्र में जाऊं या ना जाऊं, कम से कम 50 हजार वोट से चुनाव जीतूंगा। ज्यादा से भी जीत सकता हूं। मैं प्रदेशभर में घूमूंगा। इसके बाद भी 50 हजार से जीतूंगा, मैं डर थोड़े ही रहा था। हमें संगठन का काम करना है। सरकार बनानी है। प्रदेश में घूमना है। मेरी भी चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं थी, लेकिन पार्टी ने बोल दिया तो लड़ लिए। घुस गए मैदान में। मैं भी जीतूंगा। सरकार भी बनाएंगे। जो पार्टी का आदेश हो, उसका पालन करना चाहिए।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, नागदा में पार्टी मजबूत है। सब मिलकर भाजपा को जिताने के लिए काम करेंगे। दो तिहाई वोट से जीतेंगे। विजयवर्गीय से जब आगामी चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि जो पार्टी तय करेगी, वो मुख्यमंत्री होगा।
वीडियो को लेकर कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अजित सिंह ने कहा- ये उनका घमंड बोल रहा है। जनता के बीच इनका सम्पर्क नहीं है। वो सिर्फ हवाई यात्रा करते रहे हैं। जब चुनाव के परिणाम आएंगे, तो पैरों के नीचे से जमीन खिसक जाएगी।