इंदौर। सेंटपॉल स्कूल में छात्रों के बीच हुई जमकर मारपीट, भाजपा पार्षद के भतीजे को सरिए से पीटा

इंदौर के सेंटपॉल हायर सेकेंडरी स्कूल में 9वीं क्लास के स्टूडेंट के साथ 11वीं क्लास के स्टूडेंट ने मारपीट कर दी। मारपीट में आरोपी छात्र के कुछ बाहरी साथी भी शामिल थे। घटना में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र की एक आंख पर गहरी चोट लगी है। चौंकाने वाली बात यह कि जिस छात्र के साथ मारपीट हुई है उसका किसी के साथ वाद-विवाद नहीं था। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि मारपीट में घायल एक स्टूडेंट भाजपा पार्षद पंखुड़ी डोसी का भतीजा है। मारपीट करने वालों के खिलाफ पलासिया थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंची डोसी का कहना है कि स्कूल परिसर में सुबह कुछ छात्रों के बीच विवाद हुआ था।

छुट्टी होने पर आरोपी छात्र इसी रंजिश के चलते स्कूल पहुंचे थे। गलतफहमी में उन्होंने मेरे भतीजे के साथ सरिए से मारपीट कर दी। उसकी आंख में गहरी चोट आई है। घटना को लेकर जब स्कूल प्रबंधन से बात की गई तो सभी ने चुप्पी साध ली। हालांकि घायल छात्र के परिजनों के साथ प्रबंधन की ओर से आरोपियों के खिलाफ एफआईआई दर्ज कराई गई है।

थाने पर एफआईआर करने पहुंचीं भाजपा पार्षद पंखुड़ी डोसी।

आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

मामले को लेकर पलासिया थाने के उपनिरीक्षक स्वराज डाबी का कहना है कि यह घटना लाला रामनगर स्थित सेंट पॉल स्कूल की है। सुबह लगभग 10.30 बजे कक्षा 9वीं और 11वीं के स्टूडेंट्स के बीच किसी बात को लेकर बातचीत हुई थी। जानकारी के बाद स्कूल प्रबंधन ने दोनों स्टूडेंट्स के परिजनों को स्कूल बुलाकर समझाइश भी दी। बाद में दोनों स्टूडेंट अपनी-अपनी क्लास में चले गए थे।

पलासिया थाना उपनिरीक्षक उपनिरीक्षक स्वराज डाबी।

दोपहर दो बजे स्कूल की छुट्टी के समय 11वीं क्लास का आरोपी स्टूडेंट बाहर के कुछ दोस्तों को बुला लाया और 9वीं क्लास के दो स्टूडेंट के साथ मारपीट कर दी। बीच बचाव करने पहुंचे परिजनों और स्कूल के टीचर्स को देख आरोपी भाग गए। जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्कूल प्रबंधन ने जबरदस्ती स्कूल में घुसने और मारपीट करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *