
इंदौर की लसूड़िया पुलिस ने ब्लैकमेलिंग की आरोपी महिला के आरोपी पति को भी बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। उस पर ब्लैकमेलिंग की आरोपी पत्नी का साथ देने और वसूले गए रुपए अपने अकाउंट में ट्रांसफर करने का आरोप है। यह भी बताया गया है कि आरोपी ने कोर्ट में झूठी जानकारी दी थी। आरोपी को बुधवार देर रात ढाई बजे उसके घर पहुंची थी। मशक्कत के बाद आरोपी बाहर आया। गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
लसूड़िया पुलिस ने बताया आरोपी अजय राजपूत निजी कार कंपनी में फाइनेंस मैनेजर है। उसकी पत्नी ने इलाके में रहने वाले राहुल शर्मा को रेप केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया था। इसके बदले आरोपी महिला और उसके पति अजय ने राहुल से करीब 40 लाख के जेवर और केश ब्लैकमेल कर ले लिए थे। राहुल ने लसूड़िया थाने में शिकायत की थी लेकिन उलटे महिला ने ही उस पर रेप का केस दर्ज करा दिया था। टीआई तारेश सोनी ने बताया जांच में आरोपी पति अजय पर महिला को साथ देने और ब्लैकमेलिंग के पैसों को अपने अकाउंट में ट्रांसफर करने का खुलासा हुआ है।

लसूड़िया पुलिस देर रात अजय के घर पहुंची और गिरफ्तार कर लाई। उस पर एक ब्लैकमेलिंग केस में पत्नी का साथ देने का आरोप है।
तीन महीने बाद पुलिस ने दर्ज किया था हनी ट्रेप का केस
महिला 3 अक्टूबर 2022 की रात अपना घर छोड़कर बिजनेसमैन राहुल (फरियादी) के पास रहने आ गई। यहां महिला ने कहा कि उसे नहीं रखा तो बलात्कार के केस में फंसा देगी। राहुल ने उसे रहने के लिए अलग घर दिला दिया। उधर, महिला के पति अजय ने 4 अक्टूबर 2022 को लसूड़िया थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। 10 दिन बाद 14 अक्टूबर 2022 को पति-पत्नी ने कुटुंब न्यायालय में तलाक का आवेदन भी दे दिया। दोनों ने आवेदन देकर कोर्ट को बताया कि हम पति-पत्नी 1 जनवरी 2020 से अलग-अलग रह रहे हैं। इसके बाद कुटुंब न्यायालय ने भी झूठे शपथ पत्र व झूठे बयान के आधार पर मात्र दो माह में उन्हें तलाक दे दिया था।
पुलिस के मुताबिक महिला 1 करोड़ 10 लाख रुपए के मकान को अपने नाम करवाने को लेकर राहुल पर दबाव बना रही थी। बिजनेसमैन ने परेशान होकर 5 दिसंबर 2022 को लसूड़िया थाने में महिला पर ब्लैकमेलिंग की शिकायत की थी। महिला को इस शिकायत की जानकारी लगी तो उसने भी 8 दिसंबर 2022 को व्यापारी पर रेप का केस दर्ज करा दिया।
इसके बाद उसने विजयनगर के एक रेस्टोरेंट में बिजनेसमैन से कथित रेप केस सेटलमेंट के नाम पर 30 लाख रुपए मांगे थे। इस पर पुलिस को फिर शिकायत हुई तब तीन महीने बाद पुलिस ने महिला पर हनी ट्रिप का केस दर्ज किया। गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहां से अब जमानत मिल गई है।

कारोबारी राहुल शर्मा ने महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग की शिकायत की थी।
पति ने सांसद प्रतिनिधि बनकर धमकी दी, सांसद ने लिखित में किया खंडन
गिरफ्तार आरोपी अजय राजपूत खुद को सांसद शंकर लालवानी का प्रतिनिधि बताकर धमकी देता था। इसके मामले में सांसद लालवानी से पीड़ित राहुल ने जानकारी मंगवाई। तब सांसद ने कहा मेरा अजय राजपूत से कोई लेना देना नहीं। इसके बाद सांसद ने लिखित में जानकारी देकर बताया कि अजय राजपूत उनका प्रतिनिधि ही नहीं है।

सांसद शंकर लालवानी का लेटर। इसमें अजय को अपना प्रतिनिधि होने से ही इंकार किया।