
अमिताभ बच्चन और उनकी बेटी श्वेता बच्चन के बीच गहरी बॉन्डिंग है। कई मौकों पर अमिताभ बेटी के प्रति प्यार को जाहिर कर चुके हैं। अमिताभ ने अपनी लाडली बिटिया को अब तक का सबसे महंगा गिफ्ट दिया है। उन्होंने जुहू वाला बंगला ‘प्रतीक्षा’ बेटी के नाम कर दिया। यह संपत्ति 16,840 वर्ग फुट के क्षेत्र में फैली हुई है। पेपर वर्क 8 नवंबर 2023 को किया गया। हालांकि बच्चन परिवार की ओर से आधिकारिक रूप से इस पर कुछ नहीं कहा गया है। मुंबई में अमिताभ के पास कई प्रॉपर्टी है। वह परिवार के साथ जुहू स्थित बंगला ‘जलसा’ में रहते हैं।
इतने करोड़ है कीमत
बंगला ‘प्रतीक्षा’ दो प्लॉट पर बना हुआ है। पहला प्लॉट 9,585 वर्ग फुट है जिसके मालिक अमिताभ बच्चन और जया बच्चन हैं। दूसरा प्लॉट 7,255 वर्ग फुट में फैला है जिसके मालिक अकेले अमिताभ बच्चन हैं। बंगले की भारी भरकम कीमत जानकर हैरान रह जाएंगे। इसकी कीमत फिलहाल 50.63 करोड़ है। वेब पोर्टल Zapkey से प्राप्त रिकॉर्ड के अनुसार बच्चन परिवार ने 50.65 लाख रुपये स्टांप शुल्क पर खर्च किए।
दिल के करीब बंगला
‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सेट पर अमिताभ बच्चन ने यह खुलासा किया था कि उनके पिता ने बंगले का नाम ‘प्रतीक्षा’ रखा था। यह उनके एक कविता से प्रेरित था, ‘स्वागत सबके लिए यहां पर नहीं किसी के लिए प्रतीक्षा।’ अमिताभ के लिए यह बंगला दिल से जुड़ा हुआ है। यहीं पर वह पहले अपने माता-पिता के साथ रहते थे।
पाइपलाइन में फिल्में
अमिताभ के वर्कफ्रेंट की बात करें तो वह नाग अश्विन की फिल्म ‘कल्कि 2998 AD’ में नजर आएंगे। फिल्म में दीपिका पादुकोण और प्रभास हैं। इसके साथ अमिताभ ‘थैलाइवर 170’ में काम कर रहे हैं। रजनीकांत और अमिताभ की जोड़ी 33 साल बाद साथ दिखेगी।