रतलाम में खौफनाक वारदात, जेठ ने बहू को जिंदा जलाया; मौके पर ही मौत – देखें VIDEO

रतलाम। जेठ ने छोटे भाई की पत्नी को पहले तो रॉड से पीटा, इसके बाद पेट्रोल डालकर जिंदा जला डाला। महिला दौड़कर घर से बाहर निकली और मदद मांगने लगी। आरोपी जेठ वहीं रॉड लेकर खड़ा हो गया, ताकि कोई मदद के लिए पास न आ सके। काफी देर तक तड़पने के बाद महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात ढोढर में शनिवार 23 दिसंबर सुबह की है। पुलिस ने आरोपी सुरेश राठौड़ (40) को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी को बहू के कैरेक्टर पर शक था। वह उसे अपने छोटे भाई (महिला के पति) की मौत का जिम्मेदार मानता था।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कहा, ‘बहू निर्मला (33) की वजह से जून में छोटे भाई प्रकाश राठौड़ (37) ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली थी। वह प्राइवेट स्कूल में टीचर था। ढोढर के ही एक जूता-चप्पल व्यवसायी का बहू के घर आना-जाना था। उसके साथ मिलकर मेरे भाई की हत्या करवा दी।’

हालांकि, महिला के मायके वालों ने प्रॉपर्टी विवाद की वजह से हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

पति की मौत के बाद निर्मला अपनी बेटी के साथ रह रही थी। बेटा नवोदय स्कूल में पढ़ता है।

4 जून को हुआ था करोड़ों रुपए की जायदाद का बंटवारा

पति प्रकाश की मौत के बाद निर्मला, बेटी के साथ सास-ससुर से अलग दूसरे घर में रहती थी। जेठ सुरेश राठौड़ माता-पिता के साथ रहता है। परिवार मूलतः जावरा के पास लुहारी गांव का रहने वाला है। पिता शंभूलाल राठौड़ लाइनमैन पद से रिटायर हुए। उनकी लुहारी में फोरलेन किनारे जमीन थी, जो कुछ महीनों पहले ही बेची है। ढोढर में भी फोरलेन किनारे करोड़ों की जमीन है। 4 जून 2023 को ही दोनों बेटों के बीच संपत्ति का बंटवारा किया था।

पति ने सुसाइड नोट में लिखा था- पत्नी बंटवारे से खुश नहीं

प्रकाश 6 जून को घर से कहकर निकला था कि वह जावरा जा रहा है। शाम को उसका शव रतलाम के पास सनावद फंटे पर खेत में मिला। पास ही सल्फास की गोली और सुसाइड नोट मिला था। इसमें लिखा था- 4 जून को जो संपत्ति बंटवारा हुआ, उससे पत्नी खुश नहीं है। आपको यदि बंटवारा सही लगता है तो मेरे जाने के बाद यह बंटवारा बदलकर मेरा हिस्सा भैया को और भैया का हिस्सा मेरी पत्नी को दे देना।

पत्नी के लिए लिखा था- तुम चाहो तो मेरे जाने के बाद दूसरी शादी कर लेना, लेकिन बच्चों को मेरी दीदी के पास रहने देना। प्रकाश ने ये तक लिखा था कि यदि पत्नी दूसरी शादी करती है तो इसे केवल 10 लाख रुपए देना और बाकी संपत्ति मेरे बच्चों के नाम कर देना। दंपती का एक बेटा कार्तिक है, जो नवोदय स्कूल में पढ़ता है। बेटी प्रीति सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ रही है।

महिला के मायके वालों ने शनिवार शाम एसडीएम ऑफिस के बाहर धरना दिया। उनका कहना है कि चरित्र हनन के आरोप झूठे हैं। हत्या प्रॉपर्टी के लिए की गई है।

भाई ने लगाए आरोप- संपत्ति के लिए कर दी बहन की हत्या

निर्मला का मायका बिनोली गांव में है। उसके भाई देवीलाल का कहना है कि मेरी बहन पर कैरेक्टर खराब के लगाए आरोप झूठे हैं। सच ये है कि ससुराल वाले लालची हैं। जेठ सुरेश ने संपत्ति के लिए मेरी बहन की हत्या कर दी।

महिला के परिजन और रिश्तेदारों ने पोस्टमॉर्टम के बाद शाम करीब 5 बजे एसडीएम ऑफिस के बाहर शव रखकर धरना दिया। आरोपी का घर तोड़ने और निर्मला के बच्चों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *