
बेंगलुरु में गीजर की गैस लीक होने की वजह से एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक घटना बेंगलुरु के सदाशिव नगर की है। सब्जी बेचने का काम करने वाला जगदीश अपनी 23 साल की पत्नी राम्या जे और 4 साल के बेटे सम्राट के साथ रहता था। वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था।
पति जगदीश ने बताया कि 23 दिसंबर को वैकुंठ एकादशी होने के कारण मैं परिवार को मंदिर ले जाने के लिए घर लौटा। देखा तो दरवाजा बंद मिला। आवाज लगाई, लेकिन पत्नी या बेटा बाहर नहीं आए। मैं किसी तरह घर में दाखिल हुआ। पत्नी और बेटा नजर नहीं आए। बाथरूम से पानी गिरने की आवाज आ रही थी।
जगदीश के मुताबिक, पत्नी बेटे को नहलाने के लिए बाथरूम में लेकर गई थी। दोनों वहीं बेसुध पड़े थे। मैं पत्नी और बेटे को फौरन पास के अस्पताल में लेकर गया। डॉक्टरों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया। बेटे की हालत ठीक नहीं है, उसका अभी इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि जगदीश के घर की बाथरूम में वैंटिलेशन नहीं है। गीजर से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस लीक हुई, जिसके कारण उसकी पत्नी की मौत हो गई। जून में भी बेंगलुरु के चिक्काजला में चंद्रशेखर (30) और सुधारानी बिन्नी (22) के शव घर के बाथरूम में मिले थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गीजर से लीक हुई कार्बन मोनोऑक्साइड से दम घुटने के कारण मौत की बात सामने आई थी।
मुंबई और गाजियाबाद में भी हुई थी कपल की मौत


मुंबई के घाटकोपर में 8 मार्च 2023 को दीपक शाह (40) और टीना शाह (35) अपने फ्लैट के बाथरूम में बेहोश मिले थे। अस्पताल ले जाने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया गया था। दोनों की मौत का गीजर से लीक हुई गैस को बताया गया था।
8 मार्च को ही यूपी के गाजियाबाद में रहने वाले दीपक गोयल (40) और शिल्पी (36) की होली खेलने के बाद बाथरूम में नहाने गए थे, लेकिन दोनों बेहोश हो गए थे। उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया था। वहां कपल को मृत घोषित कर दिया गया था। गीजर से लीक हुई कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण ही कपल की मौत होने की बात कही गई थी।
गीजर का इस्तेमाल करने वाले इन बातों का रखें ध्यान

गीजर ऑन रखने की आदत, इस तरह हो सकती है खतरनाक


एक्सपर्ट ने बताया- कार्बन मोनोऑक्साइड के कारण होती है लोगों की मौत
गाजियाबाद के डॉ. प्रदीप यादव बताते हैं कि गैस गीजर के बर्नर से पैदा होने वाली आग से ऑक्सीजन की खपत अधिक होती है। इससे कार्बन डाई ऑक्साइड की मात्रा बढ़ जाती है। कार्बन मोनोऑक्साइड भी बनती है। यह रंगहीन, गंधहीन और जहरीली होती है। यही गैस मौत का कारण बन जाती है।
उन्होंने बताया- दिल तथा दिमाग को जरूरत के अनुसार ऑक्सीजन न मिलने के कारण व्यक्ति बेहोशी में चला जाता है। सब कुछ इतना जल्दी होता है कि व्यक्ति को संभलने का मौका नहीं मिलता है। शरीर में ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पाती है और उसकी मौत हो जाती है।