
इंदौर के हीरानगर थाने के सामने स्थित ज्वेलरी शॉप के मालिक ने दुकान पर बैठे-बैठे ही एक दर्जन से अधिक लोगों को ठग लिया। ठगोरा ज्वेलर पंजाब में भी वारदात कर चुका है और वहां के फरार आरोपियों की लिस्ट में इसका नाम है। आरोपी के खिलाफ 1 फरवरी 2022 को हीरानगर थाने में केस दर्ज हुआ था। पुलिस उसे दो साल से ढूंढ रही थी। लेकिन वह नहीं मिला।
ठग इतना शातिर है कि वह जिससे भी संपर्क करना होता सिर्फ इंटरनेट कॉल के जरिए ही करता। उसके बाद मोबाइल बंद कर देता। एक साल तक स्थानीय पुलिस उसे ढूंढती रही। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पता चला कि वह दर्जनों लोगों के साथ ठगी कर चुका है। इन वारदातों में उसके भाई भी उसका सपोर्ट करते हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी के भाइयों के खिलाफ भी एमआईजी, परदेशीपुरा, विजयनगर में केस दर्ज है। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
हीरानगर टीआई पीएल शर्मा की टीम ने पंकज पुत्र छोटेलाल सोनी निवासी फिनिक्स टाउनशिप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पंकज को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। हीरानगर थाने के सामने ही पंकज वैष्णवी ज्वेलर्स के नाम से शॉप संचालित कर रहा था। दुकान के जरिए उसने एक दर्जन से ज्यादा लोगों से सोने और चांदी की ठगी कर दी। कई लोगों को भरोसे में लेकर रुपए जमा कराए और सोना देने का विश्वास दिलाया। वहीं कई लोगों की ज्वेलरी लेकर उसे मुनाफे के साथ वापस करने की बात की।
यूपी से आकर इंदौर में बसा फिर पंजाब में भी ठगी
पंकज मूल रूप से यूपी का रहने वाला है। वह पंजाब में भी लोगों से ठगी कर चुका है। यहां की पुलिस अभी तक उसे तलाश कर रही थी। पुलि को पता ही नही कि वह इंदौर में है। हीरानगर में पकड़ाने के बाद पंजाब पुलिस को उसकी जानकारी लगी। अब पंजाब पुलिस भी पंकज सोनी को प्रोडक्शन वारंट पर ले जाने की तैयारी कर रही है। पंकज पहले नंदानगर में रहता था। यहां भी लोगों से रुपए उधार लिए और ज्वेलरी में मुनाफा देने का भरोसा दिलाया। यहां से फिर फिनिक्स सिटी में रहने चले गया। यहां लोगों ने तकादा लगाना शुरू किया। बैंक ने मकान सीज कर दिय तो सिलिकॉन सिटी इलाके में एक फ्लेट में किराए से रहने लगा। यहां जिन लोगों से मिलना होता उनसे सिर्फ वॉट्सऐप कॉल पर बात करता। पुलिस लगातार उसकी लोकेशन से जानकारी निकालती रही। लेकिन वह बचकर निकल जाता। आखिरी में टेक्निकल डेटा और मुखबिर से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
भाइयों पर भी हैं केस, तीन थानों की पुलिस को है तलाश
जानकारी के मुताबिक पंकज के तीन भाई हैं। एक नंदा नगर में ज्वेलरी शॉप संचालित करता है। उसके खिलाफ कुछ समय पहले परदेशीपुरा में भी ठगी का केस दर्ज हुआ। एमआईजी और विजय नगर पुलिस को भी ठगी के मामले में पंकज के भाई की तलाश है। पुलिस के मुताबिक आरोपी भरोसा कायम कर ठगी की वारदात करता है। पंकज ने पूछताछ में बताया कि कुछ लोगों का वह हिसाब किताब कर रहा है। वह कई लोगो को पेमेंट कर भी चुका है। लेकिन उसके बाद भी लोगों ने उसके खिलाफ कई थानों में शिकायत कर दी। पंकज के खिलाफ हीरानगर पुलिस ने अकेले ही 13 लोगों को फरियादी बनाया है। पुलिस के मुताबिक इंदौर के अन्य थानों में पंकज के खिलाफ 50 से ज्यादा शिकायतें हैं।