
मकर संक्राति के मौके पर दो नंबर विधानसभा में आयोजित पतंगोत्सव के मौके पर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भाषण में अपने खास समर्थक विधायक रमेश मेंदोला पर चुटकी ली।
उन्होंने कहा कि छह दिन पहले ठंड थी,लेकिन अब गर्मी लगने लगी है। जैसे ही सर्दी को पता चला कि भगवान सूर्यनारायण आ रहे है। वह चली गई और भगवान सूर्यनारायण को जगह देे दी। हमें भी इस त्योहार से सीख लेना चाहिए। हम आगे निकल जाए और किसी को जगह दे दे। जैसे मैं महू चले गया तो रमेश मेंदोला को जगह दी। अब मेंदोला की जवाबदारी बनती है।
विजयवर्गीय की बात सुनकर सब हंस दिए। अब समर्थक विजयवर्गीय की बातों के अर्थ खोज रहे हैै। उनका कहना है कि मेंदोला ने विधानसभा चुनाव में तीन राज्यों में सबसे ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज कराई है। आगामी लोकसभा चुनाव में वे इंदौर से दावेदारी कर सकते है।
मेंदोला ने तीन नंबर से मांगा था टिकट
विजयवर्गीय और मेंदोला की राजनीति साथ-साथ शुरू हुई थी, लेकिन 90 के दशक में विजयवर्गीय को चार नंबर विधानसभा से टिकट मिल गया और वे विधायक बन गए।
मेंदोला लंबे समय तक निगम की राजनीति करते रहे, लेकिन वर्ष 2008 में विजयवर्गीय मेंदोला के टिकट के लिए अड़ गए। तब मेंदोला तीन नंबर विधानसभा क्षेत्र से टिकट मांग रहे थे,लेकिन संगठन ने मेंदोला को दो नंबर से टिकट दे दिया और विजयवर्गीय को महू विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था।