
Google ने शुक्रवार को Google Play स्टोर से पेटीएम ऐप को हटा दिया है. इस पर Google ने कहा है कि वह किसी भी गैंबलिंग (जुआ खेलने वाले) ऐप का समर्थन नहीं करता है. जुए से जुड़ी उसकी नीतियों का उल्लंघन करने के कारण पेटीएम पर यह कार्रवाई की गई है. Paytm और UPI ऐप One97 Communication Ltd. द्वारा डेवलप किया गया है. इस ऐप को Google Play Store पर सर्च करने पर ये अब नहीं दिख रहा है. हालांकि, पहले से Android स्मार्टफोन्स में इंस्टॉल्ड हुआ ऐप काम कर रहा है. Paytm पेमेंट ऐप के अलावा कंपनी के अन्य ऐप्स- Paytm for business, Paytm money, Paytm mall आदि Google Play Store पर अभी भी उपलब्ध हैं.
पेटीएम पर क्यों हुआ ऐक्शन?
गूगल अपने प्लैटफॉर्म पर किसी भी तरह की गैम्बलिंग या बेटिंग ऐप्स को जगह नहीं देता। पेटीएम की ऐप से एक बेटिंग ऐप पर यूजर को री-डायरेक्ट किया जा रहा था। गूगल ने पेटीएम डेवलपर्स को पहले नोटिस जारी किया था। मगर कोई ऐक्शन न होने पर कंपनी ने आखिरकार ऐप को रिमूव कर दिया है।
पेटीएम ने कहा, परेशान न हों
प्ले स्टोर से ऐप हटने के बाद पेटीएम का पक्ष भी आ गया है। कंपनी ने एक ट्वीट में यूजर्स से परेशान न होने के लिए कहा है। ट्वीट में कहा गया, “पेटीएम की ऐंड्रॉयड ऐप गूगल के प्ले स्टोर पर नए डाउनलोड्स या अपडेट्स के लिए अस्थायी तौर पर उपलब्ध नहीं है। यह जल्द ही फिर से उपलब्ध होगी। आपका सारा पैसा बिल्कुल सेफ है और आप अपना पेटीएम ऐप नॉर्मल तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं।”
गूगल की तरफ से जारी किया गया बयान
पेटीएम को ऐप स्टोर से हटाने पर ऐंड्रॉयड सिक्योरिटी ऐंड प्राइवेसी के प्रॉडक्ट वाइस प्रेसिडेंट सुजन फ्रे ने बयान जारी किया है। बयान में कहा गया, “हम किसी भी तरह के ऑनलाइन कैसिनो की इजाजत नहीं देते और न ही स्पोर्ट्स बेटिंग को बढ़ावा देने वाली अनरेगुलेटेड गैंम्बलिंग ऐप्स को सपोर्ट करते हैं। इसमें वे ऐप भी शामिल हैं जो ग्राहकों को बाहरी वेबसाइट्स पर भेजती हैं जहां वे पेड टूर्नमेंट्स में असली पैसा या कैश प्राइज जीत सकते हैं, यह हमारी नीतियों का उल्लंघन है।”