डिंडोरी में एसडीएम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस – देखे VIDEO

एसडीएम निशा नापित की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।

डिंडौरी जिले के शहपुरा में पदस्थ महिला SDM की रविवार दोपहर को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पहले बताया गया कि सीने में दर्द उठने के बाद पति उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बाद में डॉक्टर की रिपोर्ट में आया है कि उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी। हालांकि, इस बात की पुष्टि किसी अफसर ने नहीं की है। एसडीएम के पति का कहना है कि अमरूद खाने के बाद मैडम को उल्टी हुई थी। नाक से ब्लड भी आया था।

फिलहाल SDM का घर सील कर दिया गया है। पुलिस उनके पति समेत तीन लोगों से पूछताछ कर रही है।

मृतक SDM का नाम निशा नापित है। वह पति मनीष शर्मा के साथ घर पर थीं। मनीष शर्मा ने बताया था कि निशा को दोपहर में अचानक घबराहट हुई। मैंने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा में भर्ती करवाया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल सहित अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।

पति बोले- अमरूद खाने के बाद उल्टी हुई थी

मनीष शर्मा का कहना है कि मैडम का एक गुर्दा काम करता था। उनको सर्दी-खांसी की बहुत दिक्कत रहती थी। शनिवार को उनका व्रत था और वे अमरूद खा रही थीं। मैंने मना किया फिर भी वे दो अमरूद खा गईं। 10 बजे के आसपास उनको उल्टी हुई। फिर उनकी नाक से ब्लड आया। हमारी बहस भी हुई। वो नहीं मानीं, गुस्से में सो गईं तो मैं भी गुस्से में बाहर आ गया।

रविवार को कोई काम रहता नहीं, इसलिए मैंने जगाया ही नहीं। दस बजे काम वाली बाई आई तो मैं घूमने चला गया। फिर बाई आई और खाना बनाया। बाई चली गई। फिर बाबा आया। लाइट भी नहीं थी। कल कटौती बहुत हुई, इसलिए बाबा भी लौट गया। फिर दो बजे के आसपास मैंने सोचा जगा लूं मैडम को। वे नहीं जागीं तो सीपीआर दिया। तीन बजे के आसपास ड्राइवर को फोन लगाया, वो डॉक्टर को लेकर आया। डॉक्टर ने कहा, अस्पताल ले चलो। अस्पताल में उन्होंने सीपीआर दिया। उन्होंने कहा- हाइपरटेंशन या फिर ब्रेन हेमरेज की वजह से नाक से खून निकलता है।

एसडीएम के पति मनीष शर्मा ने पुलिस को बताया कि मैडम को उल्टी हुई फिर नाक से खून आया था।

डॉक्टर ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट

बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने इलाज करना शुरू किया उससे पहले ही एसडीएम निशा की मौत हो चुकी थी। हालांकि, इसे लेकर डॉक्टर ने मीडिया से किसी तरह की आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की है। डॉक्टर रत्नेश द्विवेदी का कहना है कि उन्होंने पुलिस को अपनी रिपोर्ट दे दी है।

एसडीएम की मौत की सूचना के बाद कलेक्टर विकास मिश्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।

एसडीएम की बहन बंगले पर पहुंचीं

निशा नापित की बहन नीलिमा नापित और परिजन देर रात अंबिकापुर से पहुंचे उनके बंगले पर पहुंचे। पुलिस नीलिमा के बयान भी ले सकती है। सुबह से ही बंगले में पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल और एफएसएल की टीम जांच कर रही है। शव का पोस्टमॉर्टम भी कराया जा रहा है।

पुलिस ने एसडीएम का घर सील कर दिया है। सोमवार को फोरेंसिक टीम यहां जांच करेगी।

संदेह के दायरे में पति भी

शुरुआती जांच में ये सामने आया है कि निशा ने अपने सरकारी दस्तावेज और बैंक डिटेल में पति की जगह बहन नीलिमा और उसके बेटे स्वप्निल का नाम बतौर नॉमिनी दिया है। सामान्य तौर पर विवाहित महिलाएं पति का नाम देती हैं, इसलिए पुलिस पति से भी संदेह के आधार पर पूछताछ कर रही है। इसके अलावा ड्राइवर और घर के एक अन्य कर्मचारी से भी पूछताछ की जा रही है।

छत्तीसगढ़ की रहने वाली, ग्वालियर में की थी शादी

22 दिसंबर 1973 छत्तीसगढ़ राज्य में जन्मी निशा नापित ने ग्वालियर के मनीष शर्मा से विवाह किया था। बतौर डिप्टी कलेक्टर निशा नापित जुलाई 2023 में पदस्थ हुईं, उन्हें सितंबर 2023 में विधानसभा चुनाव के पहले ही शहपुरा एसडीएम की कमान सौंपी गई थी।

एसपी बोले- तीन लोगों से हो रही पूछताछ

पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल ने बताया कि फिलहाल महिला SDM के पति समेत तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विधायक ओमप्रकाश धुर्वे अपने समर्थकों के साथ एसडीएम के परिजन से मिलने पहुंचे। बंगले में अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, डिंडोरी एसडीएम रामबाबू देवांगन भी मौजूद हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *