
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शयन आरती के दौरान का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ युवक आपस में मारपीट करते नजर आ रहे है। ख़ास बात ये की विवाद कर रहे युवक आरती के दौरान गणेश मंडपम में विवाद कर रहे है और मंदिर के सुरक्षा कर्मी नदारद है।
बारह ज्योतिलिंगो में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर में आये दिन होने वाले विवादों के कारण मंदिर समिति के काम काज पर सवाल खड़े हो रहे है। ताजा मामला एक वीडियो को लेकर सामने आया है। वीडियो शुक्रवार रात 10 बजे का बताया जा रहा है जब शयन आरती के दौरान युवक आपस में भीड़ गए। बताया जा रहा है की युवकों ने शराब के नशे में मंदिर में विवाद किया। लेकिन बड़ा सवाल ये की जब विवाद हो रहा था तब मंदिर समिति के सुरक्षाकर्मी कहाँ थे। जबकि गणेश मंडपम में ही सब ज्यादा भीड़ जुटती है और सुअभ से लेकर रात तक सबसे ज्यादा सुरक्षाकर्मी भी यही तैनात रहते है। वीडियो में कुछ युवक आपस में विवाद करते नजर आ रहे है। इस दौरान कुछ श्रद्धालु भी सहमे हुए दिख रहे है। विवादों को लेकर महाकाल थाने के टीआई अजय वर्मा ने बताया कि अब तक हमारे पास ना तो किसी ने शिकायत दर्ज कराई है और ना ही मंदिर समिति ने फुटेज उपलब्ध करवाकर एफआईआर की मांग की है।
मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल-
श्री महाकालेश्वर मंदिर में बढ़ती भक्तों की संख्या और मंदिर परिसर में होने वाली घटनाओं के कारण मंदिर प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था में सवाल खड़े होते है। कारण है कि प्रति महिना 50 लाख रूपए सुरक्षा व्यवस्था पर खर्च होने और लाखों रूपए के सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बाद भी श्रद्धालुओं के साथ होने वाली घटनाएं सामने आती है। इससे स्पष्ठ है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन लचर है। दूसरा कारण यह भी है कि मंदिर परिसर में निर्माण कार्य के कारण कई स्थानों से मंदिर में पहुंचा जा सकता है। ऐसे में बदमाश भी सक्रिय होकर कार्य करने वाले मजदूर के रूप में या दर्शनार्थी बनकर मंदिर परिसर में पहुंच जाते है। मौका मिलते ही श्रद्धालुओं के साथ वारदात कर देते है।
पिछले हफ्ते ही शयन आरती के दौरान श्रद्धालु की जेब कटी थी-
करीब एक हफ्ते पहले छिंदवाड़ा से आए श्रद्धालुओं की शयन आरती के दौरान 25 हजार रुपए से अधिक की जेब कट गई थी। उस दौरान न तो श्रद्धालु की ओर से और ना ही मंदिर प्रशासन की ओर से एफआईआर हुई थी। जेबकटी के मामले में एक आरोपी पुलिस के हाथ लगा है। पूछताछ में बदमाश द्वारा दी गई जानकारी के बाद अब बदमाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए छिंदवाड़ा से श्रद्धालुओं को बुलाया गया है।