
ITI के सामने पप्पू सेठ किराना दुकान में लगी भीषण आग। दो लोग बुरी तरह झुलसे। बिल्डिंग में नीचे किराना दुकान और ऊपर रहते थे लोग। दुकान जलकर खाक
इंदौर के परदेशीपुरा इलाके की क्लर्क कॉलोनी में किराना दुकान में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। इससे ऊपरी मंजिल पर रहने वाला परिवार घिर गया। रेस्क्यू टीम ने जैसे-तैसे सबको निकाल लिया है। इसमें एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत दम घुटने और 60% जलने से हुई है। पति और बेटा झुलस गए। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग की सूचना पर दमकल पहुंची और लपटें बुझा दी।
फायर ब्रिगेड अफसरों के मुताबिक नंदानगर के क्लर्क कॉलोनी में मांगीलाल बद्रीलाल ब्रदर्स की दुकान में सुबह 10.25 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगी। यह जितेंद्र गोयल उर्फ पप्पू की है। परिवार भी ऊपर ही रहता है। आग लगने के बाद पहली मंजिल पर परिवार के तीन लोग घिर गए।
इनमें व्यापारी जितेंद्र, पत्नी अनिता, छोटा बेटा मयंक आग में घिर गए। नीचे लपटें होने और ऊपर घर में धुआं घुसने परिवार बाहर भी नहीं निकल पा रहा था। रास्ता लपटों से घिरी दुकान से ही है। बड़ा बेटा विकास इंदौर से बाहर गया हुआ है।
आखिरकार फायर ब्रिगेड बुलवाई गई। परिवार ने भी आग बुझाने की कोशिश की। इसमें जितेंद्र, पत्नी अनिता छोटा बेटा मयंक झुलस गए। दोनों समेत पूरे परिवार को रेस्क्यू टीम ने निकाला। अनिता को लकवा होने के कारण वह चल नहीं पाई। उन्हें निकालते समय दम घुट गया और वे 60% तक जल गईं। उनकी सुबह 11.30 बजे मौत हो गई। बेटे मयंक और पति जितेंद्र का इलाज जारी है। परिवार के अन्य सदस्य भतीजे पपीया और बड़े बेटे विकास की हालत ठीक है।
एसीपी विनोद दीक्षित के मुताबिक अनिता गोयल की मौत हो गई है। जबकि बेटा मयंक और पति पप्पू मामूली घायल हुए हैं। महिला सीढ़ियों से उतर नहीं पाने से झुलस गई। वह करीब 60 प्रतिशत से ज्यादा जल गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। यहां उनकी मौत हो गई।

