सिंगरौली के डीएफओ ऑफिस में पदस्थ रहे शिवराज सिंह और उनकी पत्नी का शव घर पर फंदे पर लटका मिला।

सिंगरौली में वन विभाग से बर्खास्त क्लर्क और उसकी पत्नी का शव सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला। कुछ दिन पहले वे ऑफिस में ड्यूटी के दौरान शराब पी रहे थे। इस दौरान महिला सहकर्मी ने वीडियो बनाकर इसे वायरल किया था। साथ ही उनकी शिकायत भी की थी। इसके बाद क्लर्क को पहले सस्पेंड और फिर नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था।

डीएफओ अखिल कुमार बंसल ने कहा कि घटना दोपहर दो बजे करीब की है। यह बहुत दुखद है। शिवराज सिंह जिला वन मंडल कार्यालय में क्लर्क के पद पर पदस्थ थे। नौकरी से बर्खास्तगी के बाद वे सीधी अपने घर चले गए थे। शुक्रवार को ही पत्नी के साथ बैढ़न में सरकारी आवास पर आए थे।

महिला सहकर्मी ने की थी शिकायत

दरअसल, डीएफओ ऑफिस में कार्यरत महिला कर्मचारी का आरोप था कि लिपिक शिवराज सिंह अक्सर शराब पीकर ड्यूटी पर आता है। 9 फरवरी को भी वह दफ्तर में ही बैठकर शराब पी रहा था। उसने मना किया तो वह बदतमीजी करने लगा। महिला ने अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाना शुरू किया। इसके बाद भी वह नहीं माना और महिला को अपशब्द कहने लगा।

वीडियो में यह कह रहा शराबी क्लर्क

वीडियो में शिवराज सिंह कहते हुए दिख रहा है, ‘फोटो खींचना है। लो अब खींच लो।’ इसके बाद वह दराज से शराब की बोतल निकालता है। शराब कप में डालने के बाद बोतल दिखाते हुए कहता है- ऐसा फोटो रख दूंगा न कि हालत भूल जाएगी। हम तो नहीं रहूंगा तो तुमको बर्बाद करके जाऊंगा। इसको लिख लो। अब इस ऑफिस में केवल तू रहेगी या मैं रहूंगा।

लाइसेंसी रिवॉल्वर से महिला को डराया

महिला कर्मचारी ने इस घटना की शिकायत वन मंडल अधिकारी अखिल बंसल से की थी। उसने आरोप लगाया कि शिवराज ने रात में भी उसे कॉल कर गालियां दीं और धमकाया। इसके आधार पर रविवार शाम को शिवराज को निलंबित कर जांच शुरू कर दी गई थी।

महिला ने आरोप लगाया था कि वह धारदार हथियार साथ रखता है। लाइसेंसी रिवॉल्वर से डराता है। कहता है कि पूरे परिवार को खत्म कर देगा। महिला कर्मी ने शराबी बाबू का वीडियो और ऑडियो भी पुलिस को दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *