भोपाल। CBI ने रिश्वतखोरी मामले में NHAI के GM, DGM और एक निजी कंपनी के 2 निदेशकों समेत 6 लोगों को किया गिरफ्तार, 1.10 करोड़ रुपए बरामद

CBI ने 20 लाख रुपए की रिश्वत लेन-देन के आरोप में NHAI (नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के जीएम, डीजीएम और भोपाल स्थित बंसल कंस्ट्रक्शन कंपनी के दो निदेशकों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने रिश्वत की रकम समेत 1.10 करोड़ रुपए बरामद किए है।

इन लोगों को किया गया गिरफ्तार

• अरविंद काले, जनरल मैनेजर एंड प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई, पीआईयू, नागपुर

• बृजेश कुमार साहू, डिप्टी जनरल मैनेजर एंड प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई, हरदा

• अनिल बंसल, डायरेक्टर, बंसल कंस्ट्रक्शन वर्क्स लिमिटेड

• कुणाल बंसल, डायरेक्टर, बंसल कंस्ट्रक्शन वर्क्स लिमिटेड

• सी. कृष्णा, कर्मचारी, बंसल कंस्ट्रक्शन वर्क्स लिमिटेड

• छत्तर सिंह लोधी, बंसल कंस्ट्रक्शन वर्क्स लिमिटेड

घूस देने का आरोप

CBI की ओर से रविवार रात को जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक सड़क निर्माण के लिए एनओसी और बिलों के लिए घूस दी जा रही थी। मामले में बंसल ग्रुप के दो डायरेक्टर अनिल बंसल, कुणाल बंसल और दो अन्य कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया है।

बताया जा रहा है कि बंसल समूह के डायरेक्टर अपने कर्मचारियों के माध्यम से एनएचएआई के अधिकारियों को रिश्वत दे रहे थे। CBI ने नागपुर, भोपाल और हरदा समेत विभिन्न कार्यालयों और आवासों पर तलाशी ली। इस दौरान आपत्तिजनक दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों आदि के साथ 1.10 करोड़ रुपए नकद जब्त किए गए।

बंसल समूह की एक कंपनी निर्माण क्षेत्र में भी काम करती है। इस मामले में बंसल ग्रुप की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।

रिश्वत की रकम दिए जाने के बाद सीबीआई ने पकड़ा

आरोप है कि बंसल कंस्ट्रक्शन वर्क्स लिमिटेड के कर्मचारी सी कृष्णा और छत्तर सिंह लोधी आउटर रिंग रोड प्रोजेक्ट के लंबित बिलों के पेमेंट और प्रोजेक्ट कंपलीशन सर्टीफिकेट जारी करने के लिए एनएचएआई के अनिल काले, जनरल मैनेजर एंड प्रोजेक्ट डायरेक्टर, पीआईयू, नागपुर के संपर्क में थे।

प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद काले को रिश्वत की रकम 25 लाख रुपए पहुंचानी थी। इसमें से 20 लाख रुपए दोनों कर्मचारियों ने NHAI अफसरों की दी। सीबीआई ने रिश्वत की रकम की डिलीवरी के बाद दोनों को पकड़ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *