
जूनी इंदौर में रहने वाली एक महिला की शिकायत पर उसके ही बेटे के खिलाफ चोरी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी बेटे को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वह ऑनलाइन गेम में रुपए हार गया। घर से जेवर चुराकर सराफा में गिरवी रख मांगने वाले के अकाउंट में रुपए ट्रांसफर कर दिए। कैश में भी काफी रुपए लोगों को दिए। बेटे की निशानदेही पर पुलिस जिनके अकाउंट में रुपए ट्रांसफर किए उन्हें ढूंढ रही है।
जूनी इंदौर पुलिस के मुताबिक पूनम नाम की महिला की शिकायत पर उसके बेटे खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया गया है। महिला का आरोप है कि बेटे ने घर की अलमारी में रखे सोने के आभूषण एक सोने की चेन, दो सोने की चूड़ी, आठ अंगूठी, दो जोड टाप्स और 75 हजार रुपए चोरी कर लिए।
बेटे से पूछताछ में खुलासा
पीड़िता ने बताया कि वह बड़े बेटे की दुकान पर गई थी। इस दौरान घर में चोरी हो गई। छोटे बेटे से पूछा तो वह टालमटोल करने लगा। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि ऑनलाइन गेम हार गया हूं। जिसमें निशांत गुप्ता, अभिषेक राजावत, राजेन्द्र, ओमेन्द्र लोधा, अंशुल जैन, शाहबाज खान, सुधांशु लोधा व दो अन्य मोबाइल नंबर के अकाउंट में रुपए ट्रांसफर किए हैं।
उसने जेवर सराफा के व्यापारी को बेचने की बात कबूली है। पुलिस ने मामले में शिकायत होने के बाद ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर करवाने वाले लोगों की तलाश शुरू की है। इस मामले में मोबाइल नंबर पर कॉल कर सभी को थाने बुलाया गया है। पुलिस ने सराफा के व्यापारी से भी ज्वेलरी जब्त कर ली है।