
• बहोड़ापुर थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
ग्वालियर सेन्ट्रल जेल की निर्वाह शाखा के छज्जे पर राइफल से चली एक गोली आकर नीचे गिरी। यह गोली उस एरिया में आकर गिरी है, जहां दिन भर बंदियों और जेल से संबंधित कर्मचारियों का आना जाना लगा रहता है। गोली छज्जे से टकराकर नीचे गिरी है जिस कारण उसकी मारक क्षमता न के बराबर हो गई थी, लेकिन यह यह सीधे गिरती तो किसी की जान भी जा सकती थी।
घटना एक दिन पहले की है। जेल में गोली का पता चलते ही हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पता नहीं चला है कि गोली कहां से चली थी और किसने चलाई है।
शहर के बहोड़ापुर स्थित ग्वालियर सेन्ट्रल जेल में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब जेल की निर्वाह शाखा के पास खड़े कुछ बंदियों व जेल कर्मचारियों के पास एक पीतल की गोली आकर गिरी। जमीन पर गिरी गोली देखकर वहां हड़कंप मच गया। खबर उड़ गई कि गोली चल गई कि लेकिन बाद में जांच में सामने आया कि यह बाहर से कोई फायर हुआ है अऔर गोली जेल के छज्जे से टकराते हुए नीचे गिरी है। जिस जगह गोली गिरी वहां आम तौर पर कई लोगां का आना जाना और खड़ा होना होता है, लेकिन गोली छज्जे से टकराने के बाद धीमी और गिरी है और ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।
गोली आकर गिरने से दहशत
गोली की घटना से सहमे कर्मचारी अंदर छिप गए और कोई भी कुछ देर तक बाहर नहीं आया कि गोली चलाने वाला दूसरा फायर ना कर दे और इस बार वह गोली का शिकार हो जाएं। मामले का पता चलते ही जेल अफसर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। हर्ष फायर की हो सकती है गोली
पुलिस अफसरों और जेल प्रबंधन का मानना है कि चली हुई गोली हर्ष फायर की हो सकती है, क्योंकि आस-पास कुछ मैरिज गार्डन भी है और चली हुई गोली इन गार्डनों से चली हो सकती है। अब पुलिस आस-पास आयोजित हुए कार्यक्रमों की जानकारी जुटा रही है।
जेल प्रबंधन का कहना
इस मामले में जेल अधीक्षक विदित सरबइया का कहना है कि एक चली हुई गोली निर्वाह शाखा के छज्जे से टकराकर नीचे आई है। घटना में कोई घायल नहीं है। मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।