
मामूली विवाद में 11वीं के स्टूडेंट को चाकू मार दिया। परिजन उसे अस्पताल ले गए लेकिन यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसे हाथ और सीने में चाकू के घाव थे। मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था। पुलिस ने घटना में शामिल सात आरोपियों को मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन भी किया है। वे आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने कहा कि हमने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें कोर्ट में पेश करेंगे। सजा देना कोर्ट का काम है।
बाणगंगा थाना पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार रात की है। राजाबाग कॉलोनी में रहने वाला छात्र कोटेश्वर 11वीं में पढ़ता था। रात को घर का गेट बंद था। इस कारण पड़ोसी के घर के बाहर खड़े लोडिंग वाहन पर चढ़कर वह अपने घर जा रहा था। इसी बात पर लोडिंग वाहन वाले परिवार से विवाद हो गया।
आरोपी महेंद्र योगी, हर्ष योगी, अशोक चौहान, ऋतिक चौहान, अजय पंडित, प्रेमलाल दशोरे और हितेश प्रजापति ने मारपीट की। चाकू मार उसे घायल कर दिया जिससे मौत हो गई। कोटेश्वर को हाथ और सीने में चाकू लगा था।

शव रखकर प्रदर्शन करते मृतक कोटेश्वर के प्रदर्शन। वे आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे थे।
बताया जाता है कि चाकू आरोपी हितेश ने मारा था। परिजन उसे नजदीकी अस्पताल भी ले गए जहां से एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां दम तोड़ दिया। घटना में कोटेश्वर के रिश्ते का भाई कुलदीप भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

कोटेश्वर ने इंस्टाग्राम पर आखिरी पोस्ट अपलोड की थी। यह पोस्ट उसने 15 फरवरी को अपलोड की थी।
परिजनों के अनुसार मंगलवार को कोटेश्वर की परीक्षा थी, वो क्षेत्र के ऑक्सफोर्ड स्कूल में पढ़ता था। बता दें बाणगंगा क्षेत्र में एक सप्ताह में ये दूसरी हत्या की घटना हुई है। एरोड्रम, चंदननगर में भी हत्याएं हाल ही में हुई थी।

कोटेश्वर इंस्टाग्राम के साथ अन्य सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म पर फोटो वायरल करता था।