इंदौर। बीजेपी विधायक के नाम पर गुंडागर्दी, पुलिस के सामने एक युवक ने कैफे मैनेजर को जमकर पीटा – देखें VIDEO

मारपीट की शिकायत मिलने के बाद 7 पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी उनके सामने भी बैट से मारपीट करता रहा।

इंदौर के भंवरकुआ में राउ विधायक के नाम पर गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। घटना शनिवार रंगपंचमी के दिन की है। इलाके के भोलाराम उस्ताद मार्ग स्थित चाय चौकी कैफे एंड रेस्त्रां में एक युवक किसी बात को लेकर मारपीट करने लगा, और खुद को राउ विधायक मधु वर्मा का परिचित होना बताया।

भंवरकुआ पुलिस को शिकायत में कैफे मैनेजर आशीष वाजपेयी ने बताया कि रंगपंचमी पर हमारे कर्मचारी आकाश चौरसिया और महिला कर्मचारी ने शाम को कैफे खोला। इसी बात पर कैफे के पास रहने वाला कपिल हार्डिया खुद को क्षेत्र के विधायक मधु वर्मा का परिचित बताकर साथी के साथ कैफे पर पहुंचा और कर्मचारी आकाश चौरसिया को बुरी तरह पीटने लगा।

महिला कर्मचारी से भी अभद्रता की। घटना की सूचना महिला कर्मचारी ने पुलिस को दी तो 7 पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन कपिल पुलिस वालों के सामने भी बैट से कर्मचारी पर हमला करने टूट पड़ा। पुलिस ने हमारी शिकायत भी दर्ज नहीं की। आशीष ने आरोप लगाया कि थाने पर पहुंचे तो अफसर कहने लगे कि समझौता कर लो, विधायक के परिचितों से पंगा क्यों ले रहे हो।

दोनों ही पक्ष मेरे परिचित, साउंड को लेकर हुआ विवाद

पूरे मामले को लेकर राउ विधायक मधु वर्मा का कहना है कि विवाद करने वाले दोनों पक्ष मेरे परिचित हैं। मैंने दोनों से बात कर समझाइश दी है। मामले में कपिल ने साउंड तेज बजाने की बात पर समझाने के दौरान विवाद की बात कही है। इधर कैफे संचालक से भी बात हो चुकी है। किसी भी तरह से गुंडागर्दी का कोई मामला नहीं है।

मारपीट की रिपोर्ट दर्ज

भंवरकुआं टीआई राजकुमार यादव का कहना है कि मारपीट और गुंडागर्दी की शिकायत को लेकर कैफे संचालक थाना पहुंचे थे। उनकी शिकायत पर हमने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है। फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *