
धुलेंडी (25 मार्च) के दिन उज्जैन के महाकाल मंदिर के गर्भगृह में आग लगने से झुलसे सेवक सत्यनारायण सोनी (80) की मौत हो गई। उन्होंने बुधवार सुबह मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली। सत्यनारायण गंभीर रूप से झुलसे थे। पहले उन्हें इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां से मुंबई रेफर किया गया था।
महाकाल मंदिर में 25 मार्च की सुबह 5.49 बजे भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में आग से 14 लोग झुलस गए थे। घायलों में 9 को इंदौर रेफर किया गया था। 5 का इलाज उज्जैन में ही चला। पुजारी पुत्र मनोज शर्मा (43), पुजारी संजय शर्मा (50) और सेवक चिंतामण (65) अभी इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में भर्ती हैं।
सत्यनारायण सोनी (80) गंभीर रूप से झुलस गए थे। तस्वीर हादसे वाले दिन की है। आग केमिकल वाला गुलाल फेंकने से भड़की थी। इसके VIDEO भी सामने आए थे।
28 मार्च को आई थी मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट
घटना की जांच में सामने आया था कि आग केमिकल वाला गुलाल फेंकने से भड़की थी। कलेक्टर सिंह ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए थे। जांच की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर मृणाल मीणा और ADM अनुकूल जैन को सौंपी थी। कमेटी से 28 मार्च तक रिपोर्ट मांगी गई थी।
4 पुजारी, 8 सेवक, 2 कर्मचारी घायल हुए थे
- सेवक सत्यनारायण (80), निधन
- पुजारी संजय उर्फ संजीव शर्मा (50), भर्ती
- पुजारी पुत्र मनोज शर्मा (43), भर्ती
- सेवक चिंतामण (65), भर्ती
- सेवक रमेश (60), अस्पताल से छुट्टी
- सेवक महेश (27), अस्पताल से छुट्टी
- पुजारी प्रतिनिधि (35), अस्पताल से छुट्टी
- पुरोहित पुत्र अंश (13), अस्पताल से छुट्टी
- सेवक शिवम (21), अस्पताल से छुट्टी
- सेवक आनंद (23), अस्पताल से छुट्टी
- सेवक सोनू (54), अस्पताल से छुट्टी
- सेवक राजकुमार (50), अस्पताल से छुट्टी
- गर्भगृह निरीक्षक कमल जोशी (44), अस्पताल से छुट्टी
- सफाई कर्मचारी मंगल बिंजवा (36), अस्पताल से छुट्टी