
देवास के खातेगांव में अगवा हुए तीन भाई-बहन शुक्रवार सुबह इंदौर में मिल गए हैं। दोपहर में पुलिस बच्चों को लेकर खातेगांव लौटी। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है।
पुलिस की टीम तीनों बच्चों को लेकर जैसे ही मोहल्ले में पहुंची, लोगों ने ताली बजाकर स्वागत किया। बच्चे दौड़कर मां से लिपट गए। ये देख वहां मौजूद हर कोई भावुक हो गया।
मां शेराजुन बी ने का कहना है कि जब से पता चला कि बच्चों को कोई ले गया है, उनके मिलने तक मेरे जीवन का सबसे दुखद समय था। रातभर मैंने अल्लाह से उनके सकुशल मिलने की दुआ मांगी। करीब 24 घंटे बाद बच्चे मेरी गोद में हैं। अब इन्हें कभी अपने से दूर नहीं होने दूंगी।
घूमने का बोल कर बच्चों को ले गया था आरोपी
तीनों बच्चों में सबसे बड़ी 8 साल की उमेरा ने बताया, दावत में खाना खाने के बाद अंकल ने हमसे कहा कि घूमने चलते हैं। हमने बोला ठीक है। उन्होंने हिनाया को अपनी गोद में ले लिया। फिर हमें बस से ले गए। बस में कहा कि इंदौर चल रहे हैं। मेरे भाई रोमान ने मना किया तो कहने लगे घूमकर आ जाएंगे। रात में हम पेड़ के नीचे सो गए। अम्मी की याद आ रही थी। अंकल ने खाने के लिए कुरकुरे दिलाए थे।

आरोपी खातेगांव और इंदौर में कई जगह सीसीटीवी कैमरे में बच्चों को ले जाते कैद हुआ था।
पुलिस के साथ पिता भी 24 घंटे तक तलाशते रहे
पिता अनीस शेख ने बताया, बच्चों की तलाश में मैं भी पुलिस टीम के साथ था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस सबसे पहले सतवास पहुंची। यहां पता चला कि आरोपी ने बस का टिकट सतवास तक का लिया था, लेकिन वह यहां उतरा नहीं। लोहारदा-कांटाफोड़ में बस स्टैंड पर पूछताछ की गई। इसी बीच पता चला कि आरोपी इंदौर पहुंच गया है। पुलिस की मदद से बच्चे सकुशल घर वापस आ गए हैं।

आरोपी दावत में तीनों बच्चों को खाना खिलाते नजर आया था।
सिलसिलेवार जानिए पूरा घटनाक्रम
खातेगांव में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे उमेरा (8), रोमान (6) और हिनाया (ढाई साल) घर के पास खेल रहे थे। काफी देर तक जब बच्चे नजर नहीं आए तो माता-पिता ने तलाश शुरू की, लेकिन बच्चे नहीं मिले।
बच्चों के चाचा ने बताया कि गुरुवार को मोहल्ले में शादी थी, सभी वहां खाना खाने गए थे। पास में ही बच्चों के खेलने की जगह है। यहां मोहल्ले के बच्चे साथ खेलते हैं। बच्चों के लापता होने पर सोशल मीडिया पर उनके फोटो भी डाले। शादी समारोह के फोटो-वीडियो चेक किए। तीनों बच्चे एक शख्स के साथ दावत में खाना खाते नजर आए।
पुलिस को सूचना दी गई। मां शेराजुन बी की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की। सीसीटीवी खंगाले तो तीनों बच्चे उसी शख्स के साथ पैदल जाते दिखे। सीसीटीवी फुटेज देखकर कुछ लोगों ने संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कमल कालिया ग्राम खारिया के रूप में की।
पुलिस कमल के घर पर दबिश दी। पता चला कि वह बच्चों को लेकर इंदौर निकल गया है। जांच में पता चला कि इंदौर में बच्चों और आरोपी देखा गया है। इसके बाद खातेगांव पुलिस बच्चों के माता-पिता के साथ इंदौर रवाना हुई।
पुलिस ने रातभर कई जगह दबिश दी। इधर, कमल के रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही थी। सुबह 6:30 बजे तीनों बच्चे पुलिस को सुरक्षित मिल गए। आरोपी कमल को गिरफ्तार कर लिया गया।

तीनों बच्चे अपने माता-पिता के पास और सकुशल है।
आरोपी पर अलग-अलग थानों में 10 से ज्यादा मामले दर्ज
खातेगांव टीआई विक्रांत झांझोट ने बताया कि बच्चों की गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई। वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। अनुभाग स्तर पर टीमें गठित की गईं। देवास सहित आसपास के थानों के टीआई और पुलिस फोर्स मिला। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इंदौर में रेडिसन चौराहा और स्टार चौराहा के बीच से बच्चों को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी कमल आपराधिक प्रवृत्ति का है, उसके खिलाफ सतवास, खातेगांव और कन्नौद में 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।