
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से पहले हुई प्रेसिडेंशियल डिबेट में डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडन के बीच कई मुद्दों पर बहस देखने को मिली. ट्रंप ने कोरोना महामारी, नस्लीय हिंसा और अर्थव्यवस्था को लेकर तमाम सवालों के जवाब दिए. बीच-बीच में बहस काफी तीखी होती नजर आई.प्रेसिडेंशियल डिबेट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना वायरस से मौतों को लेकर भारत पर बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी जो बाइडन के सवाल उठाने पर कहा कि आप नहीं जानते हैं कि भारत, चीन और रूस में कितने लोग मारे गए हैं। भारत, चीन और रूस ने मृतकों की सही संख्या नहीं दी है।
ट्रंप अमेरिका में लॉकडाउन लगाने और लाखों लोगों की मौत पर अपनी नीतियों का बचाव करते हुए ट्रंप ने कहा कि अगर वो वक्त पर लॉकडाउन नहीं लगाते तो इससे भी ज्यादा लोगों की मौत होती. ट्रंप ने अपने भाषण में कहा, ‘अगर हमने देश को खोले रखा होता तो बस दो लाख ही नहीं, इससे ज्यादा लोगों की जान गई होती. ये सब चीन की गलती है. और जब आप आंकड़ों की बात करते हैं तो आपको क्या पता चीन में कितने लोगों की मौत हुई है. रूस में कितने लोग मरे हैं या फिर भारत में कितने लोग मरे हैं. ये लोग सही आंकड़े नहीं देते हैं.’
ट्रंप ने जो बाइडेन पर निशाना साधते हुए कहा कि, ‘जब मैंने लॉकडाउन लगाया तो आपने मुझे रेसिस्ट, नस्लवादी बताया था. आपको लगा था कि ये बहुत बुरा फैसला था, लेकिन डॉक्टर फाउची ने खुद कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने लाखों जिंदगियां बचाई हैं.’
बता दें कि अमेरिका ने फरवरी-मार्च से ही देश बंद करना शुरू कर दिया था. ट्रंप ने सबसे पहले कई देशों से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर बैन लगाया था, जिसे लेकर शुरुआत में उनकी आलोचना हुई थी. हालांकि, ट्रंप कोरोनावायरस को हमेशा डाउनप्ले करते रहे हैं यानी कम खतरनाक बताते रहे हैं, इसे लेकर भी उनकी आलोचना हुई है.
फिलहाल अमेरिका कोरोनावायरस के सबसे ज्यादा मामलों में पूरी दुनिया में नंबर वन है. यहां अब तक संक्रमण के 71,48,009 मामले सामने आ चुके हैं. वहीं, 2,05,069 लोगों की मौत हो चुकी है. यहां फिलहाल कुल एक्टिव केस 41,48,332 हैं, वहीं, 27,94,608 लोग वायरस से ठीक हो चुके हैं. बता दें कि नवंबर के शुरुआती हफ्ते में अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं.