
उज्जैन में महाकाल की भस्म आरती के नाम पर श्रद्धालुओं के साथ फ्रॉड जारी है। अब मुंबई की महिला श्रद्धालु से 1500 रुपए मांगे जाने का मामला सामने आया है। महिला ने कलेक्टर नीरज सिंह से ईमेल के जरिए शिकायत की है। कलेक्टर ने मंदिर प्रशासक मृणाल मीणा को जांच के आदेश दिए हैं
महिला श्रद्धालु ने पुरोहित और खुद के बीच बातचीत का ऑडियो भी कलेक्टर को उपलब्ध कराया है।
मुंबई की रहने वाली मधु शंकर सोशल एक्टिविस्ट हैं। मधुशंकर ने बताया, ‘अहमदाबाद के रहने वाले परिचित परिवार के चार लोग 23 मई को भस्म आरती में शामिल होना चाहते थे। 12 मई को मैंने पुरोहित को कॉल किया था।’

मधु शंकर और राजेंद्र जोशी के बीच बातचीत के प्रमुख अंश…
मधु शंकर – भस्मआरती के लिए ऑनलाइन रेट 250 रुपए दिखाता है न।
राजेंद्र जोशी – नहीं, 200 रुपए दिखता है।
मधु शंकर – पंडितजी एक परमिशन के लिए 1500 रुपए तो बहुत ज्यादा हैं। आप 500 ले लो, तो भी चलेगा
राजेंद्र जोशी – 200 रुपए में आपको एक दिन पहले रात भर लाइन में लगना होगा।
मधु शंकर – लेकिन 1500 बहुत ज्यादा है।
राजेंद्र जोशी – आप तो मना कर देना, नहीं होगा।
मधु शंकर – 500 से 700 ठीक हैं। मैं न्यूज रिपोर्टर को बोलूंगी कि 1500 क्यों मांग रहे हैं। ये आपने तय किया है, मंदिर या सरकार ने?
राजेंद्र जोशी – आप मुझे डरा रही हैं। कैसे बात कर रहे हैं। मैं 1500 में ले जाता, पूजन कराता।
मधु शंकर – गरीब आदमी कैसे 1500 रुपए देगा।
राजेंद्र जोशी – आप नाराज मत हो। मैं डरता हूं, तो सिर्फ महाकाल से। मैं उनको अभिषेक कराने कुंड पर ले जाता।
मधु शंकर – मैं कलेक्टर को लेटर डालकर शिकायत करूंगी।
राजेंद्र जोशी – आपकी इच्छा हो, तो मुख्यमंत्री को डाल दो। अभिषेक की दक्षिणा भी आ जाती 1500 रुपए में।
मधु शंकर – नहीं, आपने मुझे भस्म आरती का ही बताया था। अब आप बताएं कि सिर्फ भस्म आरती के लिए कितने लगेंगे?
राजेंद्र जोशी – अब उनको भेजना, तब देखेंगे कि 23 मई का टिकट मिलेगा कि नहीं। आप बात कर लेना

ईमेल के जरिए कलेक्टर को भेजी शिकायत
मधु शंकर ने बताया कि ‘ गुजरात में रहने वाले परिचित ने कहा कि महाकाल मंदिर में भस्म आरती के लिए स्लॉट्स नहीं मिल रहे। चूंकि मैं दो साल पहले उज्जैन आई थी, तो महाकाल मंदिर के पुरोहित राजेंद्र गुरुजी ने ही दर्शन करवाए थे। उस समय करीब 2100 रुपए लिए थे, इसलिए मेरे पास उनका नंबर था। इस बार उन्होंने एक भक्त के लिए 1500 रुपए की डिमांड की। 16 मई को उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी है। इसमें समस्या का निदान करने के लिए कहा गया है।’
पुरोहित बोला – पूजन भी करवाते हम
मंदिर के पुरोहित राजेंद्र जोशी ने कहा कि मैंने महिला श्रद्धालु से 1500 रुपए भस्म आरती और पूजन के लिए मांगे थे। उनको बताया कि 200 रुपए भस्म आरती परमिशन और 1300 रुपए पूजन सामग्री और दक्षिणा के लगेंगे। वो हीरो, हीरोइन की बात करने लगीं। कलेक्टर से शिकायत की बात की।
कलेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि मुंबई की महिला श्रद्धालु ने शिकायत की है। इसकी जांच कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हो चुकी ठगी, कार्रवाई नहीं
कमिश्नर के नाम पर 6 हजार में बेची थी परमिशन
इसी साल फरवरी महीने में उज्जैन कमिश्नर के नाम भस्म आरती की परमिशन बनवाकर बेचने का मामला सामने आया था, जिसमें दिल्ली से आए तीन श्रद्धालु अलोक कुमार, ध्रुव कुमार और दीपांशु शर्मा से 6 हजार रुपए वसूल लिए थे। इस मामले में भी मंदिर से जुड़े पुरोहित के माध्यम से परमिशन बनवाई।
इसी महीने में ही हैदराबाद के रिटायर्ड बैंक कर्मी प्रस्सन श्रीशेलम के साथ भी भस्म आरती के नाम पर एक लाख रुपए ठगे गए थे।

अगस्त 2023 में भी हुई थी ठगी
5 अगस्त 2023 को पुणे के श्रद्धालु विश्वजीत सिंह गोहिल से किसी मयूर जैन नामक व्यक्ति ने भस्म आरती के नाम पर 9700 रुपए ले लिए। इसके बाद जब उज्जैन आया, तो पता चला कि कोई टिकट बुक नहीं है।
दिल्ली के भक्तों ने भी की शिकायत
16 अप्रैल 2023 को दिल्ली से आए श्रद्धालु नितिन भारद्वाज, मोहित अरोरा व दिशांत गैरा ने शिकायत की थी। उनसे भी किसी मृत्युंजय कुमार ने भस्म आरती के नाम पर 4500 रुपए लिए। तीनों जब उज्जैन पहुंचे, तो यहां मना कर दिया।

उज्जैन के महाकाल मंदिर में भस्म आरती के लिए आधिकारिक तौर पर ऑनलाइन और ऑफलाइन कोटा तय है, लेकिन दलालों ने लोगों को दर्शन कराने का अपना अलग सिस्टम बना लिया है। दलाल 3000 से 5000 रुपए लेकर दर्शन करा रहे हैं। उनके इस नेटवर्क में ऑटो रिक्शा चलाने वाले, फूल बेचने वाले, सुरक्षाकर्मी और खुद को पंडित बताने वाले लोग शामिल हैं।