मध्यप्रदेश। स्वीमिंग पूल में डूबने से 18 वर्षीय युवक की मौत, पूल से बाहर निकलते समय पैर की ठोकर लगने से हादसा; CCTV कैमरे में कैद हुई घटना – देखे VIDEO

रतलाम में एक युवक की स्वीमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। युवक पूल से बाहर आ रहा था, तभी छलांग लगा रहे युवक की टक्कर से वह गिर पड़ा। करीब 6 मिनट 20 सेकंड बाद उसे बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना रविवार दोपहर में सैलाना रोड स्थित डॉल्फिन स्वीमिंग पूल की है। ये हादसा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। मृतक युवक का नाम अनिकेत (18) पिता दिनेश तिवारी है, वह अपने तीन दोस्तों पीयूष पिता प्रवीण, हर्ष पिता गणेश और तुषार पड़ियार लोहार रोड के साथ डॉल्फिन स्वीमिंग पूल गया था।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई घटना

वीडियो में यह दिख रहा है कि स्वीमिंग पूल में पैर डाले एक युवक बैठा है। पीछे से अनिकेत दौड़कर उसके कंधे के सहारे छलांग लगाता है। वह फिर से किनारे आता है। तभी एक और युवक अनिकेत की तरह ही छलांग लगाता है। उसी दौरान बाहर निकल रहे अनिकेत के चेहरे पर उसका एक पैर टकरा जाता है और अनिकेत फिर से पूल में गिर जाता है।

करीब 6 मिनट से ज्यादा समय तक अनिकेत पानी में डूबा रहा। इसके बाद उसका शव निकाला गया।

सूचना के बाद भी देरी से आए स्वीमिंग गार्ड

अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद अनिकेत के दोस्त घबरा गए। दोस्तों ने ही पूल में उसे खोजा। उन्होंने स्वीमिंग गार्ड (ट्रेनर) से भी कहा, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया।

अनिकेत के दोस्त पीयूष कुमावत ने बताया, ‘अनिकेत को पूल में तलाशने के लिए ट्रेनर से भी बोला, लेकिन वह काफी देर तक नहीं आए। बाद में ट्रेनर आए। अनिकेत को तलाश कर पूल से निकाला। अचेत अवस्था में उसे मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मामा के यहां रहता था अनिकेत

अनिकेत पिछले चार से रतलाम में ब्राह्मणों के वास में रहने वाले अपने मामा शैलेष दीक्षित के साथ रहा रहा था। पिता अहमदाबाद में प्राइवेट काम करते है। मां उत्तरप्रदेश के उन्नाव में है। बड़ा भाई अंकित उज्जैन के नागदा में काम करता है। अनिकेत यहां बेकरी पर काम करता था।

घटना के बाद सीएसपी अभिनव वारंगे और थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा जांच करने के लिए स्वीमिंग पूल पहुंचे।

घटना के बाद भी पूल नहीं किया बंद

घटना के बाद भी स्वीमिंग पूल संचालक विजय पांडेय ने पूल बंद नहीं किया। बाद में शाम 6.45 बजे सीएसपी अभिनव बारंगे और टीआई राजेंद्र वर्मा पहुंचे। उन्होंने संचालक को फटकार लगाई। पुलिस अफसरों को पूल संचालन में ट्रेनर समेत सुरक्षा के मापदंड को लेकर खामियां मिलीं। इस पर पूल बंद करा दिया गया।

पुलिस के मुताबिक पूल संचालक और ट्रेनर समय रहते देख लेते, तो युवक को निकाला जा सकता था।

पूल पर मिली लापरवाही

पुलिस अफसरों ने पूल के केबिन में लगे सीसीटीवी फुटेज भी जांचे। इसमें दिख रहा है कि घटना के बाद भी पूल के ट्रेनर व देखरेख करने वाले वहीं घूमते रहे। सीएसपी अभिनव वारंगे ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना किया है। पूल संचालन में लापरवाही सामने आई है। मापदंडों के मुताबिक पालन होता नहीं दिखा। जांच के बाद पूल संचालक पर कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *