इंदौर। दो थाना क्षेत्र की बॉर्डर पर चल रहे सट्टे के बड़े अड्डे पर डीआईजी स्कॉर्ट ने दी दबिश, 20 सटोरिए धराए; करोड़ों का मिला हिसाब-किताब

इंदौर। ग्रामीण डीआईजी की स्पेशल स्कॉर्ट ने किशनगंज और पीथमपुर के सेक्टर वन की बॉर्डर पर संचालित सट्टे के एक बड़े अड्डे पर छापा मारकर 20 सटोरियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में लेपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल, केल्क्युलेटर और करोड़ों रुपए के हिसाब-किताब की डायरी और सट्टा पर्चियां जब्त की हैं। इस अड्डे पर नागपुर के मधुर सट्टे का बड़े स्तर पर संचालन किया जा रहा था।

दो थाना क्षेत्र की बॉर्डर पर चल रहे सट्टे के बड़े अड्डे पर दबिश

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण डीआईजी निमिश अग्रवाल को सूचना मिली कि किशनगंज और सेक्टर वन की बॉर्डर पर नागपुर के मधुर सट्टे का मुख्य सेंटर संचालित किया जा रहा है। यहां बड़े पैमाने पर सट्टा खिलाया जा रहा है। इस सूचना पर ग्रामीण डीआईजी ने अपनी स्पेशल टीम को मौके पर भेजा और दबिश डलवाई। जैसे ही टीम ने दो थाना क्षेत्र की बॉर्डर पर संचालित हो रहे सट्टे के इस अड्डे पर दबिश दी तो वहां हड़कंप मच गया।

पुलिस ने मौके से यह सामग्री की जब्त

टीम ने घेराबंदी कर मौके से 20 लोगों को पकड़कर उनसे 43 मोबाइल, दो दर्जन प्रिंटर, लेपटॉप, 15 केल्क्युलेटर, बड़ी संख्या में पेन, करोड़ों के हिसाब-किताब की डायरी, पर्चियां और करीब 15 हजार रुपए नकद जब्त किए। डीआईजी निमिश अग्रवाल के मुताबिक दो थाना क्षेत्र की बॉर्डर पर सुनील जायसवाल और राजेश सिंघल इस अड्डे का संचालन करवा रहे थे। नागपुर का बड़ा सटोरिया और मधुर सट्टे का संचालक मनोज बागड़ी दोनों से सट्टा संचालित करवा रहा था।

एक माह पहले भी मारा था छापा, पर भनक लगने पर भाग गए थे आरोपी

उन्होंने बताया कि सट्टे का यह अड्डा दो थाना क्षेत्र की बॉर्डर पर सेक्टर वन में संचालित होना पाया गया। आगे की कार्रवाई के लिए पकड़ाए सभी सटोरियों को सेक्टर वन पुलिस के सुपुर्द किया गया है। वहीं पड़ताल में पता चला है कि महीनेभर पहले भी ग्रामीण डीआईजी निमिश अग्रवाल को ग्रामीण क्षेत्र में बड़े लेवल पर सट्टा संचालन होने की खबर मिली थी। जिसके चलते महीनेभर पहले भी उनकी टीम ने सागोर क्षेत्र में दबिश दी थी, पर सटोरियों को इसकी खबर लग गई थी और वे क्षेत्र छोड़कर भाग निकले थे। लेकिन उन्हीं सटोरियों ने दो थाना क्षेत्र की बॉर्डर पर पीथमपुर के सेक्टर वन में यह अपना नया ठिया बना लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *