
जबलपुर पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने कि एक नहीं, दो नहीं, बल्कि 90 से अधिक लोगों को झांसा देते हुए उनसे करोड़ों रुपए ऐंठ लिए है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि 21 साल के इस युवक ने वेब सीरीज देखकर ठगी का प्लान बनाया और फिर एक लाख के एवज में एक लाख बीस हजार रुपए का झांसा देकर करोड़ों रुपए हड़प लिए। डेढ़ साल में आरोपी ने 90 से ज्यादा लोगों को अपने जाल में फंसाते हुए 2 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी की। पैसे लेने के बाद भी आरोपी युवक लोगों के संपर्क में बना रहा, और जल्द ही 20 प्रतिशत पैसा बढ़ाकर देने का आश्वासन देता रहा। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पनागर थाना पुलिस ने नटवरलाल मुकुल जैन को गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस को आरोपी ठग से पैसे रिकवर नहीं हुए है।
बीकाॅम तक पढ़ा है नटवरलाल मुकुल
पनागर थाना के विद्यासागर वार्ड में रहने वाला नटवरलाल मुकुल जैन बीकॉम तक की पढ़ाई की है। पिता की मौत के बाद मुकुल ने अपने घर पर ही डिस्पोजल फैक्ट्री खोल रखी थी, जिसका नाम रखा मुकुल ट्रेडर्स। आरोपी जहां कहीं भी डिस्पोजल समान का आर्डर लेने जाता तो वहां के व्यापारियों को अपनी स्कीम के विषय में बताता। मुकुल ने पनागर के व्यापारियों को बताया कि वह एक कंपनी में कुछ रुपए इन्वेस्टमेंट किए है, जिसमें कि एक लाख के बदले एक लाख बीस हजार रुपए मिलेगें। मुकुल की बातों में पनागर और आसपास के व्यापारी आ गए, और उन्होंने अपना पैसा 20 परसेंट अधिक मिलने के लालच में उसे दे दिए। नटवारलाल मुकुल जैन ने किसी से एक लाख तो किसी से पांच लाख रुपए लिए। शुरू के कुछ माह तक आरोपी ने रकम का 20 प्रतिशत ब्याज सभी को वापस करता रहा। आरोपी ने व्यापारियों पर विश्वास जमाने के लिए सभी को चेक भी दे रखा था, जिसमें यह समझा जाए कि अगर पैसा डूबता है तो चेक लगाकर बैंक से निकाला जा सकता है। आरोपी मुकुल जैन ने बीते छह माह से जब रुपए ब्याज के रुपए भी देना बंद कर दिया तो पनागर थाना पुलिस में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई। मुकुल ने बीते डेढ़ साल में 80 से अधिक लोगों के साथ ठगी करते हुए उसने 2 करोड़ से रुपए वसूल लिए। बीते कुछ माह से जब ठग ने व्यापारियों को ब्याज का पैसा देना और उनका फोन उठाना बंद कर दिया तो पनागर थाना पुलिस से मुकुल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।

एक लाख दो-1 लाख 20 हजार लो
व्यापारियों की शिकायत पर पनागर थाना पुलिस ने जांच की तो पाया कि 21 वर्षीय ठग ने 90 से अधिक लोगों के साथ ठगी करते हुए करोड़ों रुपए ऐंठ लिए है। पनागर निवासी रुपेश जैन ने बताया कि जनवरी 2024 में पता चला कि मुकुल ने पनागर में रहने वाले कई व्यापारियों के साथ ठगी की, और करोड़ों रुपए ले लिए। व्यापारी के मुताबिक मुकुल ने व्यापार बढ़ाने के नाम पर झांसा देकर उनके साथ ठगी की है। आरोपी इतना शातिर था कि व्यापारियों को मोबाइल पर गाड़ियों के वीडियो दिखाकर बताता कि ये माल बाहर एक्सपोर्ट होने वाला है, जल्द ही इसका प्रॉफिट आपके पास पहुंच जाएगा। रुपेश का कहना है करीब दो करोड़ रुपए से अधिक का लेनदेन हुआ है। व्यापारी राजकुमार ने बताया कि विद्या सागर वार्ड में रहने वाला मुकुल जैन ने पैसा लेने के बाद लालच दिया कि 15 दिनों में आपका 20 प्रतिशत ब्याज के साथ आने लगेगा। व्यापारी राजकुमार ने बताया कि रुपए लेने के बाद गारंटी के लिए उसने चेक भी दिए थे, जिसे बैंक में लगाया गया तो वह बाउंस हो गए। पनागर के व्यापारियों की शिकायत पर पुलिस ने विद्या सागर वार्ड में रहने वाले मुकुल जैन को गिरफ्तार किया, पूछताछ के दौरान अभी तक करीब 2 लाख रुपए की ठगी की पुष्टि हुई है।
चाची से ठग लिए 50 लाख रुपए
एएसपी सोनाली दुबे का कहना है कि मुकुल बहुत ही शातिर और चालाक लड़का है, उसने पनागर के कई व्यापारियों को एक लाख रुपए के बदले एक लाख बीस हजार रुपए देने का वादा किया। शुरुआत में लोगों का दिल जीतने के लिए मुकुल ने कुछ व्यापारियों को एक लाख के साथ बीस हजार रुपए दिए, जिससे कि व्यापारियों को यकीन हो गया। मुकुल ने अपनी चाची से भी 50 लाख रुपए लिए, जिसके एवज में वह हर माह उन्हें 1 लाख रुपए ब्याज बोलकर दिया करता था। मुकुल की चाची को लग रहा था कि उसके द्वारा दिए गए 50 लाख रुपए सुरक्षित है,पर ऐसा नहीं था, मुकुल उन पैसों को भी गायब कर चुका था। एएसपी ने बताया 25 वर्षीय नटवरलाल एक व्यक्ति से पैसा लेकर दूसरे को देता था, दूसरे का पैसा तीसरे को, जबकि जो बड़ी राशि थी, उसे वह अपने पास रख लिया करता था। जांच के दौरान पुलिस ने मुकुल सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

मां का इलाज करवाया-मकान बनवाया
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि मुकुल ने ठगी करने की ये योजना अकेले ही बनाई थी। पनागर और आसपास के लोगों से लिए गए पैसों से मुकुल ने कच्चा मकान तुड़वाकर नया बनवाया था, इसके अलावा इसने कार भी खरीदी थी, जिसकी यह हर माह किश्त देता था। ठगी के रुपए से मुकुल ने कार के पैसे भी जमा कर दिए, इसके साथ ही मां के बीमार रहने के कारण ठगी के पैसों से ही इलाज भी करवाया। मुकुल जैन बहुत ही गरीब घर से था, पर उसका सपना था कि उसे जल्द से जल्द अमीर बनना है, इस वजह से उसने ठगी के रास्ते को अपनाया और फिर लोगों को ठगने का काम शुरू कर दिया। बहरहाल पुलिस ने मुकुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इधर व्यापारियों को उम्मीद है कि मुकुल जैन के द्वारा ठगे गए पैसे उन्हें मिल जाएगें।