मध्यप्रदेश। मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर बोले सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, कही ये बात – देखे VIDEO

मंडला से बीजेपी सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का एक वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने केंद्रीय कैबिनेट में जगह नहीं मिलने को लेकर बड़ा बयान दिया है। कुलस्ते ने कहा कि दिल्ली उन्हें राज्यमंत्री बनाना चाहती थी। वे इसके लिए तैयार नहीं थे।

वीडियो में कुलस्ते कहते दिखाई दे रहे हैं, ‘तीन बार केंद्रीय राज्यमंत्री रह चुका था। चौथी बार बनाया जा रहा था। मैंने साफतौर पर मना कर दिया। चौथी बार राज्यमंत्री बनता तो क्या करता। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से बात हुई है। भविष्य में स्वतंत्र मंत्रालय को लेकर कोई विचार होगा तो मेरे बारे में सोचेंगे।’

बीजेपी अध्यक्ष पद पर बोले- निर्णय पार्टी को लेना है

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कोई बदलाव की स्थिति में क्या आदिवासी को मौका मिलना चाहिए, इस पर कुलस्ते ने कहा- यह निर्णय पार्टी को लेना है।

वीडियो शनिवार का बताया जा रहा है, जो आज सोमवार को वायरल हो रहा है। कुलस्ते लोकसभा चुनाव जीतने के बाद पहली बार अपने निर्वाचन क्षेत्र मंडला के निवास पहुंचे थे। स्थानीय ऑडिटोरियम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके लिए स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें पीएचई मंत्री संपतिया उइके भी मौजूद थीं। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद चलते-चलते उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान ये बयान दिया।

मंडला के निवास में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया था।

विधानसभा चुनाव हारे, लोकसभा चुनाव में दर्ज की जीत

भाजपा नेता फग्गन सिंह कुलस्ते ने हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में मंडला सीट से सातवीं बार जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी ओमकार सिंह मरकाम को 103846 वोटों से हराया था। इससे पहले नवंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें मंडला की निवास सीट से मैदान में उतारा था। इस चुनाव में कुलस्ते कांग्रेस के चैन सिंह वरकड़े से 9723 वोटों से हार गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *