इंदौर। पुलिसकर्मी ने ऑफिशियल ग्रुप पर डाला अश्लील वीडियो, डीसीपी बोले एक पुलिसकर्मी के लिए ऐसा करना ठीक नहीं; कार्रवाई करेंगे

हेड कांस्टेबल जितेन्द्र परमार।

इंदौर के भंवरकुआ थाने में पदस्थ पुलिस के एक हेड कांस्टेबल जितेन्द्र परमार ने पुलिस के ऑफिशियल व्हॉट्स एप ग्रुप पर अश्लील वीडियो डाल दिया। मामले सामने आते ही वीडियो डिलीट कराया और केस थाना स्तर पर रफा-दफा कर दिया गया। लेकिन डीसीपी ने इस मामले की जांच एडिशनल डीसीपी को सौंप दी है। मामला कुछ दिन पहले का बताया जा रहा है।

यह व्हॉट्सएप ग्रुप भंवरकुआ थाने का ऑफिशियल ग्रुप है। इसमें थाना स्टाफ के साथ एसीपी देवेंद्र धुर्वे भी जुड़े हैं। थाने की महिला पुलिसकर्मी भी इसी ग्रुप में हैं। इस ग्रुप के एडमिन भंवर कुआ थाना के टीआई राजकुमार यादव हैं।

अगस्त 2023 में भी डाले थे वीडियो

जानकारी के मुताबिक जितेन्द्र परमार ने अगस्त 2023 में भी इस तरह के वीडियो ऑफिशियल ग्रुप पर डाले थे। तब थाने के स्टाफ ने आपति ली थी। महिला स्टाफ ने टीआई से शिकायत की थी लेकिन तब भी जितेन्द्र परमार पर कार्रवाई नहीं हो पाई। स्टाफ का कहना है कि परमार इस ऑफिशियल ग्रुप में ऐसी ही पोस्ट डाल चुके हैं।

हेड कांस्टेबल ने अश्लील वीडियो इसी ग्रुप पर डाला था।

विधानसभा में एसीपी ऑफिस में हुए थे अटैच

जितेन्द्र परमार की पोस्टिंग भंवरकुआ थाने पर चौथी बार हुई है। उनकी अधिकतर नौकरी भंवरकुआ, जूनी इंदौर और रावजी बाजार में रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान जितेन्द्र की शिकायत हो चुकी है। तब उन्हें एसीपी जूनी इंदौर के यहां अटैच कर दिया गया। लेकिन चुनाव निपटने के बाद फिर से वह भंवरकुआ थाने में पदस्थ हो गए।

डीसीपी बोले- सख्त कारवाई करेंगे

डीसीपी ऋषिकेश मीना के मुताबिक इस मामले में मुझे अभी जानकारी लगी है। एक पुलिसकर्मी के लिये यह बात ठीक नहीं है। उसने थाने के ग्रुप में इस तरह की हरकत की है। काफी निंदनीय है। इस मामले में एडिशनल डीसीपी को जांच करने के लिए कहा है। दोषी को बख्शेंगे नहीं, सख्त कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *