
दिव्यांका त्रिपाठी भोपालकी रहने वाली हैं। पूरी पढ़ाई भोपाल में हुई है।
टीवी कलाकार दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया के साथ इटली के फ्लोरेंस में लूटपाट का मामला सामने आया है। दंपती अपनी शादी की आठवीं सालगिरह मनाने इटली गए हैं। दिव्यांका की मां नीलम त्रिपाठी ने बताया कि दोनों ने कार किराए पर ली थी। वे शॉपिंग के बाद रिजॉर्ट गए थे। इसी दौरान बदमाश उनकी गाड़ी का शीशा तोड़कर उनके पासपोर्ट, कुछ नकदी, कार्ड उठा ले गए। चोरी गए कुल सामान की कीमत 10 लाख रु. के आसपास बताई जा रही है। दिव्यांका ने परिजनों को बताया कि वह दोनों बुधवार को फ्लोरेंस पहुंचे थे। ठहरने के लिए एक प्रॉपर्टी देखने गए। इस दौरान अपना सारा सामान बाहर खड़ी कार में छोड़ दिया, लेकिन जब हम अपना सामान लेने वापस लौटे तो कार में सेंध लग चुकी थी। उन्होंने कहा कि दूतावास ने उन्हें मदद का आश्वासन दिया है।

सोशल मीडिया पर किया वीडियो शेयर
सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए, विवेक दहिया ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। वीडियो में विवेक ने कहा, ‘यह एक सुरक्षित स्थान माना जाता था। होटल के लोगों को पता था कि हमारी कार में सामान है। इसके बावजूद, हमारे सभी दस्तावेज, पैसे, पासपोर्ट, पिछले 15 दिनों में की गई सारी खरीदारी सहित सब कुछ चोरी हो गया है। हमारा सब कुछ चोरी हो गया है।’

उसी पोस्ट में एक्टर ने आगे लिखा, ‘कृपया हमें यह सुझाव देकर परेशान न करें कि देखभाल कैसे की जानी चाहिए। ऐसा किसी के साथ भी हो सकता है। लेकिन मुझे आशा है कि ऐसा नहीं होगा। यदि आप मदद कर सकते हैं तो मदद करें, या सहानुभूति रखें, अगर ऐसा करना कठिन है तो कृपया अपना काम करें और आगे बढ़ें।

इस जर्नी में सब कुछ शानदार रहा सिवाय इस घटना के: विवेक दहिया
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में विवेक ने की इस घटना का जिक्र किया है। विवेक ने कहा, ‘इस जर्नी में सब कुछ शानदार रहा सिवाय इस घटना के। हम कल फ्लोरेंस पहुंचे और एक दिन के लिए रहने का प्लान बनाया। हम अपने ठहरने के लिए एक प्रॉपर्टी देखने गए थे। हमने अपना सारा सामान बाहर खड़ी कार में छोड़ दिया था। लेकिन जब हम अपना सामान लेने वापस लौटे तो हमें ये देखकर झटका लगा कि कार में सेंध लगाई गई थी। हमारे पासपोर्ट, पर्स, पैसे, खरीदारी वाले सारे सामान और हमारे सभी कीमती सामान गायब थे। अच्छी बात ये है कि उन्होंने कुछ पुराने कपड़े और खाने का सामान छोड़ दिया था।’
एक्टर ने आगे कहा, ‘हमें भारत वापस आने के लिए टेम्पररी पासपोर्ट और दूतावास से मदद की सख्त जरूरत है, क्योंकि हमारे पास कुछ भी नहीं है।’

स्थानीय पुलिस ने मामले को खारिज कर दिया
इस घटना के बाद, एक्टर्स स्थानीय पुलिस के पास पहुंचे थे। हालांकि, पुलिस ने यह कहते हुए उनके मामले को खारिज कर दिया कि उस इलाके में सीसीटीवी कैमरे न होने के कारण वे उनकी मदद नहीं कर सकते है। इसके बाद उन्होंने दूतावास से भी सम्पर्क करने की कोशिश की लेकिन दुर्भाग्य से वो भी तब तक बंद हो चुका था।

पैसे नहीं हैं, चाहिए दूतावास से मदद
इस घटना के बाद, कपल फ्लोरेंस के पास एक छोटे से शहर पहुंचे जहां होटल के स्टाफ उनकी मदद कर रहे हैं। हालांकि, उनके पास पैसे नहीं हैं। ऐसे में वे बुरी तरह से फंस चुके हैं। उन्हें दूतावास से मदद की सख्त जरूरत है। दूतावास ने उन्हें मदद का आश्वासन दिया है।