प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोनाल्‍ड ट्रंप पर हुए जानलेवा हमले की कड़े शब्दों निंदा करते हुए कही ये बात

वाशिंगटन:डोनाल्‍ड ट्रंप पर एक चुनावी रैली के दौरान जानलेवा हमला हुआ है. ट्रंप पर एक के बाद एक कई गोलियां चलीं. बताया जा रहा है कि एक गोली ट्रंप के कान को छूकर निकली, जिससे वह घायल हो गए. हमले के बाद ट्रंप के कान और गाल पर खून बहता हुआ नजर आया. इस हमले में एक ट्रंप समर्थक के मारे जाने की खबर आ रही है. इस हमले में अज्ञात हमलावर के मारे जाने की खबर है. राष्‍ट्रपति जो बाइडेन ने ट्रंप पर हुए जानलेवा हमले की निंदा की है. अमेरिका में नंवबर में राष्‍ट्रपति चुनाव होने हैं. ट्रंप और बाइडेन इन दिनों चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं और इसी दौरान ये हमला हुआ है. राष्ट्रपति बाइडेन ने शनिवार को अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ट्रंप पर जानलेवा हमले की निंदा की और कहा कि अमेरिका में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है. सीक्रेट सर्विस और ट्रंप के प्रवक्ता दोनों ने बताया कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ठीक हैं.

ट्रंप पर हमला करने वाले शूटर की हुई पहचान

डोनाल्‍ड ट्रंप पर पेंसिल्‍वेनिया की रैली में हमला करने वाले शख्‍स की पहचान हो गई है. एफबीआई ने बताया कि हमलावर की पहचान स्‍थानी बटलर काउंटी एरिया के एक 20 साल के लड़के के रूप में हुई है. हालांकि, हमलावर का नाम अभी नहीं बताया गया है.

ट्रंप का कैंपेन जारी रहेगा, कल होगा बड़ा ऐलान

डोनाल्‍ड ट्रंप का कैंपेन इस जानलेवा हमले के बाद रुकने वाला नहीं है. बताया जा रहा है की कैंपेन जारी रहेगा. कल से रिपब्लिकन पार्टी का कन्वेंशन शुरू हो रहा है, जहां उम्मीदवार के तौर पर उनके नाम का आधिकारिक ऐलान होगा

ट्रंप पर हुए हमले से बेहद परेशान हूं- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोनाल्‍ड ट्रंप पर हुए हमले की निंदा की है. उन्‍होंने ट्वीट किया, मेरे दोस्‍त, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले से बेहद परेशान हूं. हमले की मैं कड़े शब्‍दों से निंदा करता हूं. राजनीति और लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है. उनके जल्‍द ठीक होने की कामना करता हूं.

ट्रंप के प्रवक्‍ता ने बताया- क्‍या हुआ था…

ट्रंप पर हमला करने वाले हमलावर को मार गिराया गया है. ‘यूएस सीक्रेट सर्विस’ ने बताया कि शाम करीब 6.15 बजे एक संदिग्ध हमलावर ने पेनसिल्वेनिया के बटलर में रैली स्थल के बाहर एक ऊंचे स्थान से मंच की ओर कई गोलियां चलाईं, जिसके बाद संघीय एजेंसी के कर्मियों ने ट्रंप को तत्काल वहां से बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. ट्रंप (78) के प्रवक्ता स्टीवन चेउंग ने एक बयान में कहा, “वह ठीक हैं और स्थानीय चिकित्सा केन्द्र में उनकी जांच जारी है.”

ट्रंप के चेहरे पर दर्द या भय का अहसास कहीं नजर नहीं आया

ट्रंप के कान और चेहर पर खून नजर आया. लेकिन ट्रंप के चेहरे पर दर्द या भय का अहसास कहीं नजर नहीं आ रहा था. उनके चेहरे पर लड़ने का जज्‍बा दिखाई दे रहा था. ये जज्‍बा जब उनके मुंह से “फाइट फाइट” शब्‍दों के रूप में बयां हुआ. घायल ट्रंप को तुरंत अस्‍पताल ले जाया गया. ट्रंप के प्रवक्‍ता ने बताया कि ट्रंप खतरे से बाहर हैं.

रैली में में मौजूद सभी लोग डर से चिल्‍लाने लगे

ट्रंप ने शायद ही कभी सोचा होगा कि उन्‍हें चुनाव प्रचार रैली के दौरान यूं निशाना बनाया जाएगा. वह सिर पर लाल रंग की टोपी लगाकर बड़े जोश में लोगों को संबोधित कर रहे थे. वह कह रहे थे कि देखिए, हमारे देश को क्‍या हो गया है… इसके बाद गोलियों की आवाज आनी शुरू हो गई. ट्रंप इस दौरान कान पर हाथ लगाते हुए दिखे. और फिर वह नीचे झुक गए. वहीं, रैली में में मौजूद सभी लोग डर से चिल्‍लाने लगे. दरअसल, किसी को कुछ समझ ही नहीं आ रहा था कि क्‍या हो रहा है? कहां से गोलियां चल रही हैं.

हमले के बाद ट्रंप बोले- फाइट-फाइट

हमले के बाद डोनाल्‍ड ट्रंप ने कहा, “गोली मेरे दाहिने कान को छूते हुए निकल गई.” इसके बाद ट्रंप उन्‍हें कहते हुए सुना गया, फाइट-फाइट यानि लड़ेंगे-लड़ेंगे.

VIDEO- एक के बाद एक कई गोलियां चलीं

डोनाल्ड ट्रंप आज पेंसिल्वेनिया में एक रैली में भाषण देते समय हत्या के प्रयास से बाल-बाल बच गए, जब उन पर कई गोलियां चलाई गईं. पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति को सुरक्षा एजेंटों ने मंच से हटा दिया और कहा जाता है कि वह ठीक हैं.

अमेरिका मीडिया क्‍या कह रही

अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, ट्रंप पर गोली चलाने वाले संदिग्ध शूटर समेत दो लोग मारे गए हैं. वाशिंगटन पोस्ट ने कहा, “बटलर काउंटी के जिला अटॉर्नी रिचर्ड गोल्डिंगर ने कहा कि दो लोग मारे गए हैं, जिनमें से एक शूटर भी शामिल है.”

कान को छूते हुए निकल गई गोली

अमेरिका के पूर्व राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप पर चुनावी रैली के दौरान हमले की हर कोई निंदा कर रहा है. हमले में ट्रंप बाल-बाल बचे हैं. बताया जा रहा है कि गोली ट्रंप के कान को छूते हुए निकल गई. इसके बाद उनके कान से खून बहता हुआ भी नजर आया. हालांकि, गोली लगने के बाद ट्रंप खड़े हुए और बताया कि वह ठीक हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *