
उज्जैन में भाजपा नेता और बिल्डर को रिटायर्ड फौजी ने बच्चों के पुराने विवाद को लेकर लायसेंसी रिवाल्वर से पुलिस के सामने गोली मार दी। गोली मारने के बाद रिटायर्ड फौजी फरार हो गया है, जबकि उसके बड़े भाई को हिरासत में लिया गया है। यह पूरा मामला बुधवार-गुरुवार की रात 12.45 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार नागझिरी थाना क्षेत्र के हामुखेड़ी में गुरुवार रात बिल्डर और भाजपा आर्थिक प्रकोष्ट के नगर संयोजक प्रकाश यादव और रिटायर्ड फौजी सुरेंद्र प्रताप सिंह के बीच विवाद हो गया था। विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई थी। नागझिरी पुलिस विवाद को सुलझाने का प्रयास कर रही थी, इसी बीच सुरेंद्र प्रताप सिंह अपनी लायसेंसी रिवाल्वर लेकर आ गया और प्रकाश यादव की छाती के दाहिने तरफ गोली मार दी। गोली लगने के बाद आरोपी रिटायर्ड फौजी सुरेंद्र प्रताप सिंह फरार हो गया। घायल बिल्डर प्रकाश यादव को परिजनों और पुलिस ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने प्रकाश यादव का इलाज किया और उन्हें खतरे से बाहर होना बताया है।
बच्चों को लेेकर चल रहा था विवाद
बिल्डर प्रकाश यादव को गोली लगने के बाद उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे और परिवार वालों से बातचीत की। एसपी ने बताया कि प्रकाश यादव को गोली लगी है, लेकिन वह खतरे से बाहर हैं। एसपी भदौरिया का कहना है कि बच्चों के बीच पुराने विवाद काे लेकर यह वारदात हुई है। गोली चलाने वाला आर्मी से रिटायर्ड जवान सुरेंद्र प्रताप सिंह है। विवाद के दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी थी। उसी दौरान सुरेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने गोली चलने का घटना को अंजाम दिया। जिसमें पुलिसकर्मी भी बाल-बाल बच गए। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस ने नहीं पकड़ा आरोपी
बिल्डर प्रकाश यादव को गोली मारने के बाद आरोपी सुरेंद्र प्रताप सिंह आसानी से वहां से फरार हो गया। इस दौरान वहां मौजूद पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास भी नहीं किया। बता दें कि नागझिरी पुलिस गोली लगने के पहले ही हामुखेड़ी पहुंच गई थी। अगर पुलिस ने सख्ती दिखाई होती तो इस वारदात को टाला जा सकता था।