नौसेना की शान आईएनएस ब्रह्मपुत्र भीषण आग लगने से हुआ क्षतिग्रस्त, एक तरफ झुका

मुंबई (Mumbai) । मुंबई में नौसेना डॉकयार्ड (Naval Dockyard) में मरम्मत के दौरान भारतीय नौसेना (Indian Navy) के युद्धपोत INS ब्रह्मपुत्र (Warship INS Brahmaputra) में भीषण आग लग गई। आग पर काबू तो पा लिया गया है लेकिन, युद्धपोत एक तरफ झुक गया है। भीषण अग्निकांड से जहाज को काफी नुकसान हुआ है। इस घटना में एक नाविक भी लापता है, जिसका पता लगाया जा रहा है। नौसेना का कहना है कि आग पर काबू पा लिया गया है। घटना तब हुई जब जहाज की मरम्मत की जा रही थी। नौसेना ने घटना पर जांच के आदेश दे दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, नौसेना के स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस ब्रह्मपुत्र में रविवार शाम को आग लग गई थी। घटना के वक्त मुंबई के नौसैनिक डॉकयार्ड में जहाज की मरम्मत का काम चल रहा था। नौसेना ने एक बयान में कहा, “नौसेना डॉकयार्ड, मुंबई और बंदरगाह में मौजूद अन्य जहाजों से आए अग्निशमन दलों की मदद से जहाज के चालक दल ने सोमवार सुबह तक आग पर काबू पा लिया। आग के जोखिम का आकलन करने के लिए सैनिटाइजेशन जांच सहित अन्य कार्रवाई भी की गई हैं

आग लगने से जहाज क्षतिग्रस्त, एक तरफ झुका

नौसेना ने कहा कि जहाज पर लगी आग को बुझा दिया गया है। हालांकि दोपहर के वक्त जहाज एक तरफ झुकने लगा है। नौसेना ने कहा, “तमाम कोशिशों के बावजूद जहाज को सीधा नहीं किया जा सका है।” नौसेना ने कहा, “एक जूनियर नाविक को छोड़कर सभी कर्मियों को बचा लिया गया, नाविक लापता है, उसकी तलाश की जा रही है। उधर, भारतीय नौसेना ने आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।”

नौसेना की शान आईएनएस ब्रह्मपुत्र

गौरतलब है कि आईएनएस ब्रह्मपुत्र स्वदेशी रूप से निर्मित ‘ब्रह्मपुत्र’ श्रेणी का पहला मिसाइल फ्रिगेट है। इसे अप्रैल 2000 में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था। इस जहाज पर 40 अधिकारियों और 330 नाविकों का दल है। आईएनएस ब्रहमपुत्र में मध्यम दूरी, नजदीकी दूरी और विमान भेदी तोपें सुसज्जित है। इसके अलावा इस युद्धपोत में सतह से सतह और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें और टारपीडो लांचर लगे हैं। यह सीकिंग और चेतक हेलीकॉप्टरों को संचालित करने में भी सक्षम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *