भोपाल। विधायक-सांसदों के अपार्टमेंट में दिनदहाड़े लूट, शराब कंपनी के मैनेजर को कट्‌टा अड़ाकर 12 लाख रुपये ले भागे बदमाश; CCTV में हुए कैद – देखें VIDEO

 

भोपाल में विधायक और सांसदों की मल्टी स्टोरी बिल्डिंग रचना टॉवर में बुधवार सुबह 12 लाख की लूट हो गई। यहां एक फ्लैट में बने शराब कंपनी के ऑफिस में घुसकर दो बदमाशों ने मैनेजर को कट्‌टा अड़ाया। फिर रुपयों से भरा बैग ले भागे।

पुलिस ने केस दर्ज बदमाशों की तलाश में शहर की नाकेबंदी कर दी। क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। डीसीपी श्रद्धा तिवारी ने कहा कि जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस ने आरोपियों का सुराग देने को 30 हजार रुपए का इनाम देने की घोषित की है। किसी भी सूचना के लिए दो मोबाइल नंबर क्राइम ब्रांच, 94799054 और कंट्रोल रूम 9479990454 भी जारी किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, रचना टॉवर में शराब कंपनी का ऑफिस अवैध रूप से चलाया जा रहा है। जिस सीनियर फ्लैट सीनियर MIG 108 में ऑफिस है, वह पूर्व विधायक संतोष साहू का है।

पुलिस ने लूट के दो आरोपियों की तस्वीर जारी की है।

पुलिस ने लूट के दो आरोपियों की तस्वीर जारी की है।

कर्मचारी का नाम लेकर खुलवाया दरवाजा

गोविंदपुरा पुलिस ने बताया बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे दो लोग शराब कंपनी के ऑफिस पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुला तो शराब कंपनी के कर्मचारी वीरेंद्र गुप्ता के नाम से आवाज लगाई।

इसके बाद 63 वर्षीय मैनेजर श्याम सुंदर जायसवाल ने दरवाजा खोल दिया। बदमाशों ने वीरेंद्र गुप्ता के बारे में पूछा। इस पर श्याम सुंदर ने दोनों को ऑफिस के अंदर बैठा लिया।

बदमाशों ने पीने के लिए पानी मांगा तो श्याम सुंदर किचन की तरफ बढ़े। उनके मुड़ते ही बदमाशों ने कट्‌टा निकाला और उनकी पीठ पर अड़ा दिया। फिर दफ्तर में रखे कैश के बारे में पूछने लगे। नहीं बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

डरे-सहमे मैनेजर ने फ्लैट के फर्स्ट फ्लोर पर रुपए रखे होने की बात कही। बदमाश उन्हें लेकर फर्स्ट फ्लोर पर पहुंचे। यहां रुपयों से भरा बैग उठाया और वापस नीचे आ गए। यहां श्याम सुंदर को धक्का देकर भाग निकले।

पुलिस ने मैनेजर का बयान दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

3 कर्मचारी सोते रहे, 15 मिनट 23 सेकेंड में वारदात

एसीपी दीपक नायक ने बताया कि जिस वक्त लूट हुई, फ्लैट में मैनेजर श्याम सुंदर सहित चार कर्मचारी थे। श्याम सुंदर गेट खोलने के लिए कमरे में सो रहे दूसरे कर्मचारियों को बताए बिना गए थे। वारदात के दौरान तीन कर्मचारी सो रहे थे।

आरोपी फ्लैट में 15 मिनट 23 सेकेंड रहे। उन्होंने सो रहे युवकों के दोनों रूम को लॉक कर दिया था। वारदात के बाद मैनेजर ने अंदर मौजूद तीनों साथियों को शोर मचाकर जगाया। दोनों लॉक रूम को खोला और आरोपियों की तलाश बिल्डिंग में की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।

मैनेजर को कट्‌टा अड़ाकर फर्स्ट फ्लोर पर ले जाते बदमाश फ्लैट के सीसीटीवी कैमरे में दिख रहे हैं।

कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरे दो दिन से बंद

रचना टॉवर में रहने वाले पूर्व बीजेपी विधायक अजीत सिंह ने बताया कि बिल्डिंग के अधिकतर फ्लैट्स ब्रोकर्स के माध्यम से किराए पर दिए गए हैं। कई फ्लैट का कमर्शियल यूज किया जा रहा है। इसकी शिकायतें आवास संघ सहित स्थानीय पुलिस से कई बार की जा चुकी है। न ही पुलिस ने यहां ध्यान दिया और न ही आवास संघ ने। कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरे भी दो दिन से बंद है।

डीसीपी ने बताया कि जिम्मेदारों को किराएदारों का वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए हैं। यह भी चेक किया जा रहा है कि जिस फ्लैट में लूट हुई वहां के किराएदारों का वेरिफिकेशन कराया गया था या नहीं।

रचना टॉवर का निर्माण आवास संघ ने विधायक-सांसदों के लिए किया था।

दो दिन पहले भी हुई थी लूट की कोशिश

शराब कंपनी के एक मैनेजर विजेंद्र गुप्ता इसी बिल्डिंग के दूसरे फ्लैट में रहते हैं। दो दिन पहले कॉलोनी के मुख्य गेट के सामने विजेंद्र के साथ लूट की कोशिश हुई थी। वे इसकी शिकायत करने थाने गए थे, चूंकि आरोपी बैग झपटने में नाकाम हो गए थे, इसलिए पुलिस ने केस दर्ज किए बगैर उन्हें थाने से लौटा दिया था। इस घटना के समय विजेंद्र के पास 8 लाख रुपए थे।

दो साल से भोपाल में रह रहे हैं जायसवाल

श्याम सुंदर जायसवाल मूल रूप से भिलाई, छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। शराब ठेके के संबंध में बीते दो साल से रचना टॉवर में रह रहे हैं। उनकी कंपनी की शहर में तीन शराब दुकानें हैं।

दुकानों का डेली कलेक्शन का हिसाब श्याम सुंदर और वीरेंद्र गुप्ता के हाथ रहता है। कलेक्शन का पैसा इसी फ्लैट में लाया जाता है। यह रकम किस बैंक के किस खाते में जमा होनी है, यह भी दोनों मैनेजर ही तय करते हैं।

सांसद-विधायकों के लिए बनाए गए थे फ्लैट

रचना टॉवर में फ्लैट का निर्माण आवास संघ ने कराया है। शुरुआत में सांसद-विधायकों के लिए फ्लैट बेचने की कंडीशन रखी गई थी। इसके बाद सांसदों, विधायकों, मंत्रियों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों ने यहां फ्लैट बुक कराए थे। हालांकि, फ्लैट बनने के दौरान की गई बुकिंग के बाद भी कई फ्लैट खाली रह गए। इसके बाद सरकार की अनुमति से आवास संघ ने आईएएस, आईपीएस और अन्य सीनियर अधिकारियों को भी यहां के फ्लैट बेचे हैं।

टॉवर में सीएम डॉ. मोहन समेत कई मंत्रियों के फ्लैट

इस टॉवर में सीएम डॉ. मोहन यादव समेत कई मंत्रियों के फ्लैट हैं। इसके अलावा पूर्व सीएम उमा भारती और पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के नाती के नाम पर भी यहां फ्लैट हैं। मंत्री उदय प्रताप सिंह, प्रद्युम्न सिंह तोमर, इंदर सिंह परमार के फ्लैट भी यहां हैं।

शिवराज सरकार में मंत्री रहे रामकिशोर कावरे नानो, हरदीप सिंह डंग, बिसाहूलाल सिंह और कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे बाला बच्चन, लखन घनघोरिया, लाखन सिंह यादव के भी फ्लैट रचना टॉवर में हैं। 80 फीसदी बुकिंग पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और उनके परिजन के नाम पर है।

MP में बेखौफ घूम रहे अपराधी: हेमंत कटारे

  1. उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने भोपाल के रचना टावर में हुई लूट की घटना के बहाने सरकार को घेरा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज मध्यप्रदेश की यह स्थिति है कि अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे है।

पीसी ने कहा- कानून व्यवस्था भगवान भरोसे

पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने एक्स पर लिखा- कहने को यह विधायक-सांसदों का निवास स्थान है। यहां दिनदहाड़े एक व्यापारी को बंधक बनाकर 12 लाख रुपए लूट लिए गए। सोचिए जब माननीयों का आशियाना सुरक्षित नहीं तो आम आदमी कहां तक सुरक्षित होगा। मध्यप्रदेश की कानून व्यवस्था भगवान भरोसे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *