इंदौर में जॉब कंसल्टेंसी से जुड़े एक युवक को कुछ युवक-युवतियों ने घेर कर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने कार में तोड़फोड़ की और चाकू से युवक के कंधे, पैर पर वार किए। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें घायल युवक को लोग कार से निकाल कर अस्पताल ले जाने की बात कह रहे हैं।
वहीं अस्पताल में भर्ती युवक ने भी एक वीडियो जारी किया है। जिसमें वो घटना के बारे में बता रहा है। वीडियो में युवक ने कहा है कि हादसा बहुत खतरनाक था कुछ भी हो सकता था। मामले में पुलिस ने पांच युवतियों और तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो युवतियां आपराधिक गतिविधियों में शामिल रही हैं। उन पर बम कांड का भी आरोप लग चुका है।
घटना के बाद युवक ने अपना वीडियो जारी कर उस रात की पूरी कहानी बताई।
यह है मामला
घटना 15 अगस्त की रात एकता नगर में पानी की टंकी के पास की है। वीर सावरकर नगर में गायत्री अपार्टमैंट में रहने वाला मयंक बजाज अपनी कार MP09ZY2346 में पेट्रोल डला कर घर जा रहा था। सोलारिस होटल के समीप पीछे से बाइक पर आए युवक-युवती ने कार को टक्कर मार दी।
मयंक ने देखकर बाइक चलाने की बात कही। पानी की टंकी के पास आरोपियों ने कार के आगे बाइक अड़ा दी और मयंक पर चाकू से हमला कर दिया। कार के कांच फोड़ दिए। पुलिस ने मामले में साहिल, पलक मौर्या, प्रिया, खुशी, साक्षी सहित आठ आरोपियों को पकड़ लिया। तीन आरोपी नाबालिग है। आरोपियों में मुकेरीपुरा मस्जिद पर बम फेंकने में शामिल रही युवती और युवक भी शामिल हैं। युवक युवतियों पर पुलिस ने चाकूबाजी, जानलेवा हमले और कार में तोड़फोड़ की धाराओं में केस दर्ज किया है।
उत्पाती युवक-युवतियों ने युवक पर हमले के बाद कार में भी तोड़फोड़ की थी।
हादसा बहुत खतरनाक, ऐसा किसी के साथ न हो
पीड़ित युवक ने अस्पताल से एक वीडियो जारी किया है। उसमें उसने घटना के बारे में बताते हुआ कहा, 14-15 अगस्त की देर रात मैं कार से अपने घर लौट रहा था। कुछ लड़के लड़कियों ने जानबूझ कर कार के आगे वाले हिस्से में टक्कर मार दी। जब मैंने उन लोगों का पीछा किया तो कुछ दूर जाने के बाद उन्हें मुझे घेर लिया और अपने साथियों को भी वहां बुलाया लिया था। मयंक ने बताया कि लड़की के हाथ में भी चाकू थे। उन्होंने मेरे साथ लूट-पाट करने की कोशिश की। मोबाइल, पर्स छीनने की कोशिश की।
चिल्लाने की आवाज सुन आस पड़ोस के लोग आ गए। मेरा खून भी बह रहा था। ये सब देख लड़के-लड़कियां भाग गए। भंवरकुआं पुलिस ने लड़के-लड़कियों को पकड़ लिया है, लेकिन ये हादसा बहुत खतरनाक था। ऐसा और किसी के साथ न हो। इसलिए मैं रिक्वेस्ट करूंगा कि वीडियो को ज्यादा से ज्यादा लोगों को शेयर करें।