
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में सांसद राजीव प्रताप रूडी , राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन और रवि किशन का नाम शामिल नहीं है। इसे लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। इन दोनों नेताओं को एक समय में भाजपा के युवा चेहरों के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब ये दोनों पार्टी में साइडलाइन हो गए हैं।वहीं, अभिनेता से नेता बने रवि किशन को स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल नहीं किया जाना भी हैरान करता है, क्योंकि वह भोजपुरी के सुपरस्टार है और बिहार में बेहद लोकप्रिय. इसके बावजूद भी बीजेपी ने रवि किशन को स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल नहीं किया है.
ये पहली बार होगा जब रूडी और शाहनवाज को स्टार प्रचारक की सूची से ड्रॉप किया गया है. पार्टी नेताओं का कहना है कि यह अभी तक की फीडबैक के आधार पर किया गया है. जहां राजपूत बहुल इलाक़े से योगी आदित्यनाथ या केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मांग अधिक थी.
राजीव प्रताप रूडी, जो पहली बार 1996 में भाजपा के टिकट पर लोक सभा के लिए चुने गये उनकी तुलना में 2014 में BJP में शामिल होने वाले औरंगाबाद के सांसद सुशील सिंह या केंद्रीय मंत्री राजकुमार सिंह का स्टार प्रचारकों की सूची में होना सबके लिए हैरानी का विषय है.
भाजपा नेताओं का कहना है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज़ हुसैन का नाम इस लिस्ट में नहीं होना एक तरह से उन्हें संकेत है कि बिहार में जब तक नीतीश कुमार का साथ है तब तक मुस्लिम मतदाताओं के लिए अन्य मुस्लिम नेता काफ़ी हैं. यह पहली बार होगा, जब रूडी या शहनवाज जैसे नेता, स्टार प्रचारक के रूप में विधानसभा चुनावों में नहीं दिखेंगे. इस लिस्ट में राष्ट्रीय जनता दल से आए और भाजपा के टिकट पर दो बार सांसद बने रामकृपाल यादव का नाम है तो पहली बार राज्य सभा गए विवेक ठाकुर भी इस सूची में हैं.
हालांकि यह बात किसी से छिपी नहीं है कि केंद्र में वर्तमान सरकार में बैठे लोग हो या पार्टी चला रहे लोग. वह रूडी और शहनवाज को पसंद नहीं करते हैं. चर्चा यह भी है कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व शहनवाज हुसैन को भागलपुर से विधान सभा चुनाव में उम्मीदवार बनाना चाहती थी लेकिन उन्होंने बहुत दिलचस्पी नहीं दिखाई.
हालांकि मीडिया में इसकी चर्चा होने पर भारतीय जनता पार्टी ने इस पर प्रतिक्रिया भी जाहिर की है. बीजेपी ने ट्विटर के माध्यम से कहा कि मीडिया में शहनवाज हुसैन और राजीव प्रताप रूड़ी का नाम स्टार प्रचारकों की सूची में नहीं होने की खबरें हैं. स्पष्ट हो कि यह एक सूची है. भारतीय जनता पार्टी के अनुसार स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव के चरण व कार्यक्रम के हिसाब से अपडेट होती है. ऐसे में बिना जाने-समझे ऐसी भ्रामक खबरों से बचना चाहिए.