एमपी। पूर्व विधायक के बेटे को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश नाकाम, 50 लाख रुपए, मकान और दुकान हथियाने की थी प्लानिंग; ऐसे खुला राज – देखें VIDEO

राधेलाल ने पूर्व विधायक प्रागीलाल ‎के बेटे ‎शिशुपाल को हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश रची थी।

शिवपुरी में कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक प्रागीलाल ‎के बेटे ‎शिशुपाल जाटव को हनी ट्रैप में फंसाकर रुपए ऐंठने की साजिश रची गई। आरोपियों की 50 लाख रुपए, मकान और दुकान तक हथियाने की प्लानिंग थी। इसी बीच एक ऑडियो पूर्व विधायक के हाथ लग गया, जिसने पूरा खेल बिगाड़ दिया और मुख्य साजिशकर्ता पुलिस की गिरफ्त में आ गया। इस ऑडियो में राधेलाल नाम का आरोपी रीना के साथ मिलकर शिशुपाल को फंसाने की बात कर रहा है।

इससे पहले एक किराना व्यापारी तो इनके जाल में इतना बुरा फंसा कि उसने जान देने तक की कोशिश की। पुलिस ने मामले में चाचा-भतीजा, मां और बेटी को आरोपी बनाया है। वहीं, तीन लोग अभी गिरफ्त से दूर हैं। अब तक ये गिरोह लोगों को फंसाकर लाखों रुपए की वसूली चुका है।

पहले पढ़िए, ऑडियो के अंश…

पूर्व विधायक के बेटे का नाम सामने आया तो खुला राज

शिवपुरी में करैरा के पूर्व विधायक प्रागीलाल के बेटे का नाम सामने आने के बाद हनी ट्रैप के शिकार व्यापारी का भतीजा मंगलवार रात को पुलिस के पास पहुंचा। व्यापारी उन्हें 1 लाख रुपए दे चुका था, लेकिन आरोपी और रुपए मांग रहे थे। नहीं देने पर थाने में रेप का केस दर्ज करवा दिया था।

 

बेटे को हनी ट्रैप में फंसाने का ऑडियो मिलने के बाद पूर्व विधायक प्रागीलाल जाटव ने एसपी से शिकायत की

व्यापारी का भतीजा पहुंचा थाने, बोला-चाचा से 20 लाख मांगे

नरवर थाना पुलिस ने 29 अगस्त को स्थानीय व्यापारी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया था। इससे आहत होकर व्यापारी ने जान देने की कोशिश की थी। व्यापारी के भतीजे ने पुलिस को बताया- चाचा की किराने की दुकान और गोदाम है। चाचा के मोबाइल पर कुछ दिनों से कैरुआ की एक महिला और राधेलाल रावत का कॉल आ रहा था। वे दोनों चाचा को ब्लैकमेल कर रहे थे।

26 अगस्त 2024 को दोपहर 12 से 1 बजे के बीच चाचा गोदाम में काम कर रहे थे। तभी महिला अपनी बेटी और राधेलाल के साथ आई। वे दोनों मोबाइल लेकर भीतर चली गईं जबकि राधेलाल बाहर ही घूमता रहा। पहले तो महिला ने चाचा से किराना सामान को लेकर बात की, फिर अश्लील हरकतें करने लगी।

मां ने फिजिकल रिलेशन के लिए दबाव बनाया, बेटी ने वीडियो रिकॉर्ड किया

भतीजे ने बताया कि महिला ने चाचा से फिजिकल रिलेशन बनाने को कहा। बोली- नहीं बनाया तो मैं चिल्लाऊंगी, तुम्हें बदनाम कर दूंगी। चाचा को मजबूर कर संबंध बनाए। महिला की बेटी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया।

उन लोगों ने चाचा को ब्लैकमेल करते हुए एक लाख रुपए मांगे। नहीं देने पर रेप केस में फंसाने और हाथ-पैर तुड़वाकर जान से मरवाने की धमकी दी। महिला और राधेलाल ने चाचा से एक लाख रुपए गोदाम में ही ले लिए।

28 अगस्त को राधेलाल, उसके भतीजे रविंद्र और महिला ने मेरे बड़े चाचा के मोबाइल पर कॉल किया। उन्होंने 20 लाख रुपए की डिमांड की। इसके बाद मेरे चाचा को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। रुपए नहीं मिलने पर महिला ने शिवपुरी जाकर 29 अगस्त को उनके खिलाफ रेप का केस दर्ज करवा दिया।

ऑडियो सामने आया तो खुली पोल

विधायक के बेटे को फंसाने की साजिश का ऑडियो सामने आने के बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। मगरौनी के व्यापारी और पूर्व विधायक प्रागीलाल जाटव के बेटे शिशुपाल जाटव को हनी ट्रैप का शिकार बनाने राधेलाल रावत ने पहले रीना नाम की महिला को राजी करने का प्रयास किया था। रीना जब साथ देने को राजी नहीं हुई, तब राधेलाल ने गांव की एक आदिवासी महिला और उसकी बेटी को इसमें शामिल किया और व्यापारी से एक लाख रुपए वसूले।

जब व्यापारी ने उनकी और रुपए देने की डिमांड पूरी नहीं की तो राधेलाल दुष्कर्म का केस‎ दर्ज कराने आदिवासी महिला को‎ साथ लेकर शिवपुरी पहुंचा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की तो यह बात ‎सामने आई। इस फुटेज में राधेलाल ‎महिला के साथ बैठा दिख रहा है।

पुलिस ने हनी ट्रैप के सरगना राधेलाल को गिरफ्तार कर लिया है। गैंग ने एक व्यापारी को अपना शिकार बनाया है।

सरगना राधेलाल को भागने से पहले ही दबोचा‎

शिवपुरी एसपी अमन सिंह राठौड़ ने कहा, ‘जांच में सामने आया है कि इस पूरे गैंग का सरगना राधेलाल रावत ही है। नरवर थाना पुलिस ने राधेलाल, उसके भतीजे रविंद्र रावत सहित‎ मां-बेटी पर केस दर्ज कर लिया है। राधेलाल रावत को पुलिस ने 4 सितंबर को गिरफ्तार किया। वह शहर से भागने की फिराक में था।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *