
इंदौर में देवी अहिल्या विवि के प्रो. विजय बाबू गुप्ता (57) का शनिवार को निधन हो गया। निजी अस्पताल के अनुसार 7 दिन पहले वे निमोनिया के चलते अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनकी एच1एन1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। हालांकि देर शाम उन्हें कार्डियक अरेस्ट हाेने की भी जानकारी आई। हाल ही में उन्होंने इंदौर में आयोजित एक इंटर नेशनल कॉन्फ्रेंस में भाग लिया था। इसके बाद उनकी तबीयत और बिगड़ी।
वे शनिवार को डिस्चार्ज होने वाले थे। इसके साथ ही कैंपस के गणेश उत्सव कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। इस बीच शाम को उनका निधन हो गया। सीएमएचओ डॉ. बीएस सेत्या का कहना है कि स्वाइन फ्लू की आधिकारिक रिपोर्ट आना बाकी है।
प्रो. गुप्ता स्कूल ऑफ डेटा साइंस के विभागाध्यक्ष थे। पुनर्मूल्यांकन केंद्र के प्रभारी रहते हुए उन्होंने छात्रों को होने वाली समस्याओं को लेकर भी कई काम किए थे। उनकी शवयात्रा कल 8 सितम्बर को दोपहर 1 बजे उनके निज निवास P-4, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय टीचर्स क्वार्टर, खंडवा रोड, इन्दौर से रीजनल पार्क मुक्ति धाम जाएगी।
ऐसे पहचानें स्वाइन फ्लू के लक्षण
- सर्दी, सांस लेने में तकलीफ, बुखार, सिर दर्द, नाक या आंखाें से पानी निकलना, गले में दर्द और भूख न लगना या बहुत कम लगना।
- तीन-चार दिन से ज्यादा समय तक सर्दी-बुखार या निमोनिया बने रहने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
इस तरह फैलता है स्वाइन फ्लू
- यह संक्रमित व्यक्ति के छिंकने, खांसने के दाैरान बिलकुल नजदीक व्यक्ति काे फैल सकता है।
- यह नवजातों, गर्भवतियों, 16 वर्ष तक की आयु के बच्चों या जिनकी उम्र 55 वर्ष या उससे अधिक है, उनमें ज्यादा फैलता है।