
Fake Doctor YouTube Surgery: बिहार के सारण जिले में एक फर्जी डॉक्टर ने पथरी के मरीज की YouTube ट्यूटोरियल देखकर सर्जरी की. ऑपरेशन के दौरान 15 साल के लड़के की मौत हो गई. डॉक्टर यूट्यूब के भरोसा मरीज का इलाज कर रहा थै. मृतक युवक के परिवार वालों ने फर्जी डॉक्टर की शिकायत पुलिस से की. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
दरअसल, लड़के को उसके परिवार ने शुक्रवार (6 सितंबर) की रात मढ़ौरा में ‘डॉक्टर’ अजीत कुमार पुरी के क्लिनिक में भर्ती कराया था. उसे उल्टी और पेट दर्द की शिकायत थी. परिवार के सदस्यों के अनुसार, पुरी ने उनकी जानकारी या सहमति के बिना किशोरी का ऑपरेशन करना शुरू कर दिया. उनका आरोप है कि वह अपने मोबाइल फोन पर यूट्यूब वीडियो देखकर सर्जरी कर रहा था.
लापरवाही का आरोप
ऑपरेशन के दौरान लड़के की हालत बिगड़ गई. जब परिवार ने विरोध किया, तो पुरी ने कथित तौर पर जवाब दिया, ‘क्या मैं यहां डॉक्टर हूं या आप?’ डॉक्टर ने लड़के को पटना के एक अस्पताल में ले जाने का फैसला किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. इसके बाद पुरी लड़के के शव को छोड़कर घटनास्थल से भाग गया. परिवार ने पुरी पर लापरवाही और कदाचार का आरोप लगाते हुए स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उनका दावा है कि वह अयोग्य और अनुभवहीन था और उसके कारण लड़के की मौत हुई.
फर्जी डॉक्टर और उसके क्लीनिक स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस ने पुरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें और क्लिनिक के कर्मचारियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है. लड़के के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.