
दुनियाभर की दवा निर्माता कंपनियां कोरोना वायरस की वैक्सीन बनाने के लिए बड़े पैमाने पर परीक्षण कर रही हैं, जिसमें हजारों वॉलंटियर्स हिस्सा ले रहे हैं। इस बीच वैक्सीन को लेकर एक बुरी खबर सामने आई है। कोरोना वैक्सीन पर काम कर रही अमेरिकी कंपनी जॉनसन एंड जॉनसन ने इसके ट्रायल पर फिलहाल रोक लगा दी है। कंपनी ने बताया है कि ट्रायल के दौरान एक वॉलंटियर के बीमार होने के बाद इसपर रोक लगाई गई है।
कंपनी ने बयान में कहा, “हमने अपने Covid-19 वैक्सीन के क्लीनिकल ट्रायल के लिए प्रतिभागियों को दी जाने वाली आगे की खुराक फिलहाल के लिए रोक दी है. इसमें फेज 3 का ट्रायल भी शामिल है. शोध के दौरान एक प्रतिभागी के बीमार होने की वजह से यह कदम उठाया गया है.”
इस रोक का अर्थ है कि 60,000 मरीज़ों के क्लीनिकल ट्रायल के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रणाली को बंद कर दिया गया है जबकि स्वतंत्र सेफ्टी कमेटी की बैठक बुलाई गई है. बता दें कि कोरोना महामारी के दौर में COVID-19 वैक्सीन की कमी महसूस की जा रही है. इसे देखते हुए दुनिया के विभिन्न देश शीर्ष दवा कंपनियों के साथ मिलकर टीका खोजने के लिए शोध कर रहे हैं.
दुनिया भर के 180 से ज्यादा देशों को कोरोनावायरस अपने चपेट में ले चुका है. दुनिया में COVID-19 संक्रमितों की कुल तादाद 3.74 करोड़ के पार पहुंच गई है. वहीं, 10.76 लाख मरीज़ इस वायरस की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं जबकि 2.60 करोड़ से ज्यादा मरीज़ कोरोनावायरस को मात देने में सफल हुए हैं.