
इंदौर में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। खजराना इलाके में तेज रफ्तार BMW कार ने स्कूटर सवार दो युवतियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवतियां सड़क के दूसरी ओर जा गिरी। दोनों को अलग-अलग कारों से तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां दोनों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी कार ने अन्य लोगों को भी टक्कर मारी है। पुलिस मौके से सीसीटीवी फुटेज की तलाश कर रही है। घटना शनिवार देर रात की है।
खजराना पुलिस के मुताबिक दीक्षा पुत्री आशोक जादौन निवासी तुलसी नगर और लक्ष्मी पिता नाथूसिंह तोमर को महालक्ष्मी नगर मेला ग्रांउड के पास एक्सीडेंट हो गया। राहगीरों ने एक को कोकिलाबेन और दूसरी को मेदांता अस्पताल भिजवाया। यहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। दोनों मेला देखकर घर लौट रही थीं।

इसी स्कूटर पर सवार थी दोनों मृतक युवतियां।
पुलिस के मुताबिक राहगीर अनुराग ने जानकारी दी है कि वह अपने परिवार के साथ मेला देखकर घर की तरफ जा रहे थे। तभी नेवी ब्लू रंग की तेज रफ्तार BMW कार नंबर CH01AU1061 तेज गति से आता हुआ दिखा। उसने होंडा एवीएटर पर जा रही दो युवतियों को जोरदार टक्कर मार दी। कार असंतुलित होकर पोल से जा टकराई। इसके बाद कार ड्राइवर मौके से भाग गया। बाद में अन्य कार और दूसरी गाड़ी से दोनों युवतियों को अस्पताल भेजा गया।

शिवपुरी की रहने वाली है लक्ष्मी
मृतक लक्ष्मी शिवपुरी की रहने वाली है। उसके पिता किसान हैं। लक्ष्मी रात में वह अपनी सहेली दीक्षा, मयूरी और एक दोस्त के साथ मेला देखने पहुंची थी। सभी अलग-अलग गाड़ियों पर थे। बाहर निकलने के दौरान उन्हें अचानक गाड़ी ने टक्कर मार दी थी। यहां कार ने अन्य लोगों को भी टक्कर मारी है। पुलिस मौके से सीसीटीवी फुटेज की तलाश कर रही है।

