शिवराज ने कमलनाथ पर कसा तंज- बोले……

मध्य प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ता जा रहा है. कांग्रेस और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधा है. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार का ही आरोप लगा दिया.

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कमलनाथ ने भ्रष्टाचार का विकेंद्रीकरण करने का महा पाप मध्यप्रदेश की धरती पर किया है . रोज पैसे समेटना अधिकांश खुद अपने साथ ले जाना और थोड़े बहुत बांट देने का काम कमलनाथ ने किया. खुद कहते हैं मैं मिस्टर क्लीन हूं. दिल्ली में मिस्टर 15 किसे कहा जाता है. यह पूरी दुनिया जानती है.
दो दिन पहले सुमावली के ही बागचीनी में हुई सभा में पूर्व सीएम कमल नाथ ने कहा था कि उनके राजनीतिक जीवन में किसी ने भ्रष्टाचार के मामले में उंगली नहीं उठाई। शिवराज की तरह उनके साथ डंपर कांड, व्यापमं घोटला ओर ई-टेंडर घोटाला नहीं जु़ड़ा है। इसका जवाब देते हुए शुक्रवार को सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार का विकेंद्रीकरण राजनैतिक कार्यकर्ताओं तक करने का महापाप कमल नाथ ने किया है। रोज पैसे समेटना, कुछ बांट देना और अधिकांश खुद ले जाना। कमल नाथ पूरे मप्र को चर गए, प्रदेश को दलालों का अड्डा बना दिया।

कमल नाथ बता दे रे, तेरा नरा कहां गड़ा है:-शिवराज सिंह ने कहा कि कमल नाथ परसों यहां आए थे, उससे पहले बरसों से नहीं आए। सभा में मुख्यमंत्री ने खुद को 20 बार से ज्यादा नंगा-भूखा कहते हुए कांग्रेस पर तंज कसे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ को बाहरी बताते हुए कहा कि किसी को नहीं पता कि कमल नाथ का नरा (गर्भ के समय नवजात से जु़ड़ी नाल)] कहां गड़ा है। उन्होंने कहा- कमल नाथ तुम उद्योगपति हो। हे उद्योगपति तूने प्रसूता के लड्डू, कन्यादान योजना का पैसा, गरीबों के कफन के 5000 तक भी छीन लिए। हम नंगे, भूखे हैं, पर इसी माटी के हैं। चंबल प्रोग्रेस-वे, पुल, सड़कें बनवा रहे हैं और जीरो परसेंट पर कर्ज दे रहे हैं।

कमल नाथ की लंका में आग लगाने का फैसला सबसे पहले ऐदल सिंह ने किया:-मुख्यमंत्री ने कहा कि 2018 में हमारी सरकार नहीं बनी। बहुमत कांग्रेस के पास भी नहीं था। अंतर चार-पांच सीट का था। अगर तीन सीट और हमको मिल जातीं तो सरकार बना लेते। उस समय निर्दलीय विधायकों ने मुझसे कहा कि मामा हम समर्थन दे देंगे, सरकार बनाओ। मैंने कहा जब दिल ही टूट गया.. हम बाजी हार गए तो काहे का मुख्यमंत्री.. छोड़ो और निकलो यहां से। अत्याचारी कमल नाथ की लंका में आग लगाने का फैसला सबसे पहले ऐदल सिंह कंषाना ने किया और कांग्रेस सरकार स़़डक पर आ गई।

सिंधिया कल से मैदान में दिखेंगे:-सभा के बाद सीएम शिवराज सिंह ने पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा की। चुनाव प्रचार से राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया के धीरे-धीरे गायब होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह चुनाव में पूरी दम–खम से लगे हैं। कल से वह आपको मैदान में दिखने लगेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *