“फसल बढ़ने के साथ बीमारियां भी आती हैं, कीटनाशक का छिड़काव…”बीजेपी की मौजूदा स्थिति पर नितिन गडकरी का बड़ा बयान

बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं. म एक इंटरव्यू में उन्होंने बीजेपी की मौजूदा स्थिति और कई अहम मुद्दों पर खुलकर बात की.

गडकरी ने कहा कि बीजेपी में अलग-अलग पार्टियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आना जारी है. उन्होंने कहा, ‘बीजेपी कार्यकर्ताओं की पार्टी है. नए लोग अलग-अलग कारणों से आ रहे हैं. उन्हें प्रशिक्षित करना, विचारधारा सिखाना और उन्हें अपना कार्यकर्ता बनाना हमारी जिम्मेदारी है. हमारी कोशिश जारी है. हजारों कार्यकर्ता मेहनत करते हैं, पर कभी एक कार्यकर्ता की गलत बात उन हजारों की मेहनत पर पानी फेर देती है.’

गडकरी ने आगे कहा, ‘हमारे देश में मतभेद कोई समस्या नहीं है, लेकिन सोच का अभाव एक समस्या है. सुविधाजनक राजनीति महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि विचारधारा के साथ की जाने वाली राजनीति महत्वपूर्ण है.’

बीजेपी में अन्य पार्टियों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं के कारण कभी-कभी समस्याएं उत्पन्न होती हैं. इस पर गडकरी ने कहा, ‘जैसे-जैसे फसल बढ़ती है, बीमारियां भी बढ़ती हैं. बीजेपी में बहुत फसल है, जो अच्छे अनाज के साथ कुछ बीमारियां भी लाती है, इसलिए हमें ऐसी बीमार फसल पर कीटनाशक का छिड़काव करना पड़ता है.’

2024 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र, जो बीजेपी का गढ़ माना जाता था, में पार्टी को निराशाजनक प्रदर्शन का सामना करना पड़ा था. केवल नितिन गडकरी ही अपनी सीट बचा पाए थे. इस चुनावी हार के बाद बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के बीजेपी नेताओं के साथ कई बैठकें कीं, लेकिन इन बैठकों में गडकरी नहीं दिखे.

इस सवाल पर गडकरी ने कहा, ‘मेरी महाराष्ट्र में कोई भूमिका नहीं है, यहां के नेता सक्षम हैं. उन्हें मेरी जरूरत नहीं है, लेकिन जब भी मेरी मदद की जरूरत होगी, मैं उपलब्ध रहूंगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *