केबीसी में इंदौर के “माइथोकिंग” ने जीता दर्शकों का दिल: बिग बी के सामने सुनाई कविता, जूते खोलकर किया रामायण पाठ; इतने लाख पॉइंट्स जीतकर किया क्विट

अमिताभ बच्चन के साथ केबीसी के सेट पर इंदौर का पार्थ उपाध्याय।

इंदौर के महावीर नगर में रहने वाले नौवीं कक्षा के छात्र पार्थ उपाध्याय गुरुवार को कौन बनेगा करोड़पति के 16वें सीजन में नजर आए। पार्थ ने अमिताभ बच्चन के सामने रामायण के सुंदरकांड और युद्ध कांड का वर्णन सुनाया। इससे पहले उन्होंने अपने जूते भी उतार दिए।

यह देखकर वहां मौजूद सभी दर्शकों ने जमकर तालियां बजाई। इसके बाद रामधारी सिंह दिनकर की कविता का पाठ भी किया। पार्थ ने 25 लाख पॉइंट जीते। यह प्वाइंट्स पार्थ के 18 साल के होते ही अकाउंट में पैसों के रूप में ट्रांसफर हो जाएंगे।

शो के दौरान पार्थ ने अमिताभ बच्चन को उनके पिता हरिवंश राय बच्चन के मित्र महान कवि रामधारी सिंह दिनकर की कविता सुनाई। पार्थ ने ‘वीर रस की रश्मी रथी’ का पाठ किया। बिना किसी गलती के काव्य पाठ करते देख अमिताभ और दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

यह देखकर अमिताभ बच्चन ने कहा, “मैं आपको बता दूं, दिनकर जी और बाबूजी करीबी दोस्त थे। वे अक्सर एक साथ समय बिताते थे और एक-दूसरे से मिलते थे, वह हमारे घर भी आते थे। और जिस तरह से आपने बात की, यह बिल्कुल उसी ऊर्जा के साथ सुनाया! हां, उनकी आवाज थोड़ी गहरी थी, लेकिन आपने जो उच्चारण और आवाज का समायोजन किया वह वास्तव में उल्लेखनीय था।

 

केबीसी में जाने के लिए देशभर के 20 छात्रों में पार्थ का भी ऑनलाइन चयन हुआ था। ऑडिशन के बाद दस बच्चों का चयन केबीसी शो के लिए हो सका। इसमें इंदौर के पार्थ भी शामिल थे। पार्थ के पिता अमित उपाध्याय ने कहा कि बेटे का केबीसी के लिए चयन हमारे लिए दोहरी खुशी थी। बेटे को अमिताभ के सामने हॉट सीट पर बैठे देखना हमारे लिए कभी न भूलने जैसा है।

MythoKing के नाम से मशहूर हैं पार्थ

पार्थ को ऐतिहासिक और पौराणिक कथाओं की गहरी जानकारी है। रामायण, महाभारत के अलावा पार्थ की कविताओं में भी गहरी रुचि है। वेद-पुराण और पौराणिक कथाओं के पात्रों का भी पार्थ को अच्छा अनुभव है। इसका प्रदर्शन उन्होंने केबीसी में किया। यहां उन्होंने खुद को “#MythoKing के रूप में मशहूर बच्चा बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *