
संयुक्त राज्य अमेरिका (US) में 3 नवंबर को राष्ट्रपति के लिए चुनाव होने जा रहा है। मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी दूसरी पारी कि लिए चुनाव में किस्मत आजमाने वाले हैं वहीं, बराक ओबामा सरकार में 8 सालों तक उपराष्ट्रपति रहे जो बाइडन ट्रंप को कड़ी चुनौती देने वाले हैं। अमेरिकी चुनाव को देखते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फैलाए जा रहे फेक न्यूज और भ्रामक विज्ञापन के खिलाफ सख्त नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में फेसबुक और इंस्टाग्राम पर चुनाव से पहले अब तक 2.2 मिलियन (22 लाख) विज्ञापन को रद्द किया गया है।साथ ही 1,20,000 उन पोस्ट को हटाया गया है, जो वोटिंग में बाधा डाल सकती थीं. गलत जानकारी देने को लेकर 150 मिलियन पोस्ट पर चेतावनी भी जारी की गई है.
2016 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में फेसबुक पर वोटरों को भ्रमित करने का आरोप लगा था. उस चुनाव में डोनाल्ड ट्रम्प राष्ट्रपति चुने गए थे. जिसके बाद फेसबुक लगातार सावधानी बरत रहा है. 2016 में ब्रिटेन में भी जनमत संग्रह के दौरान इसी तरह की समस्या देखने को मिली थी.
फेसबुक के वाइस प्रेसिडेंट निक क्लेग ने कहा, ’35 हजार कर्मचारी हमारे प्लेटफॉर्म्स की सुरक्षा की देखरेख में जुटे हैं. वो चुनाव में अपनी भागीदारी दे रहे हैं. जानकारियों की तस्दीक के लिए हमने 70 विशेष मीडिया समूहों से पार्टनरशिप की है, जिसमें से पांच फ्रांस में हैं.’