एमपी। मरीज को देखने गए सैलाना विधायक और ड्यूटी डॉक्टर के बीच विवाद, वीडियो आया सामने, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत — देखें VIDEO

सैलाना विधायक जिला अस्पताल में किसी मरीज को देखने गए थे। यहां ड्यूटी डॉक्टर के साथ विवाद हो गया।

रतलाम में गुरुवार रात जिला अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर और सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार के बीच जमकर कहासुनी हो गई। दोनों ने एक-दूसरे पर गाली देने के आरोप लगाए। पूरे घटनाक्रम का 2 मिनट 53 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है।

दरअसल, गुरुवार रात सैलाना विधायक अपने पीएसओ और दो अन्य लोगों के साथ जिला अस्पताल में किसी मरीज को देखने गए थे। ड्यूटी पर डॉ. सीपीएस राठौर थे। रूम नंबर 8 में जाकर विधायक ने ड्‌यूटी डॉक्टर के बारे में पूछा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

बात इतनी बढ़ी कि गालीगलौज तक जा पहुंची। शोर सुनकर हॉस्पिटल के प्राइवेट गार्ड और जिला अस्पताल पुलिस चौकी के जवान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों को शांत कराया। बताया गया है कि विधायक डोडियार ने डॉ. राठौर के खिलाफ स्टेशन रोड थाने में शिकायत की है।

वहीं, डॉ. सीपीएस राठौर ने जिला अस्पताल की पुलिस चौकी में आवेदन दिया है। इसमें विधायक समेत उनके साथ आए लोगों को नशे में बताया है। डॉ. राठौर ने कहा है कि मेरे साथ कुछ घटना होती है तो विधायक जिम्मेदार होंगे।

विवाद के बीच अस्पताल के स्टाफ ने विधायक के साथ आए लोगों को मोबाइल रिकॉर्डिंग करने से रोकने की कोशिश की।

डॉक्टर ने पर्ची मांगी, विधायक ने परिचय पूछ लिया घटना का जो वीडियो वायरल हुआ है, उसमें विधायक डोडियार डॉक्टर को बोल रहे हैं- बुला किसको चौकी से बुलाएगा। डॉक्टर ने कहा- गार्ड साहब चौकी से बुलाओ। इसी बीच विधायक के पीएसओ ने कहा- आपने गाली क्यों दी?

इस पर डॉ. राठौर ने कहा- इलाज कराने आए हो या दादागिरी करने। तुम चारों में से बीमार कौन है?

विधायक ने कहा- मैं बीमार हूं। डॉक्टर ने पर्ची मांगी। तब विधायक ने कहा- पहले अपना परिचय बताओ। इस पर बहस होने लगी। विधायक के पीएसओ ने कहा- गाली क्यों दी? पता है कौन हैं ये…विधायक हैं। तब डॉक्टर कहते हैं- मैं बताऊं, मैं कौन हूं? ऑन ड्यूटी डॉक्टर के साथ बदतमीजी कर रहे हो।

आदिवासी संगठनों ने की डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग कमलेश डोडियार रतलाम की सैलाना विधानसभा सीट से भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के टिकट पर चुनाव जीते हैं। ​​वीडियो वायरल होने के बाद आदिवासी संगठन भी डॉ. सीपीएस राठौर के विरोध में आ गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर मैसेज जारी कर कहा है कि जिला अस्पताल में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान ड्यूटी डॉक्टर ने विधायक डोडियार को गालियां दीं। जिसकी पूरा आदिवासी समाज घोर निंदा करता है।

आदिवासी समाज के जनप्रतिनिधि और विधानसभा सदस्य की गरिमा को ध्यान नहीं रखते हुए शर्मनाक अभद्रता की गई है। मरीजों और परिजन के साथ कैसा व्यवहार करता होगा यह डॉक्टर। विधायक को दी गई गाली पूरे आदिवासी समाज का अपमान है। डॉक्टर को अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तार किया जाए, नहीं तो जन आंदोलन किया जाएगा।

इससे पहले लगा था 1 करोड़ रुपए मांगने का आरोप

विधायक कमलेश डोडियार पर मेडिकल स्टोर संचालक ने एक करोड़ मांगने का आरोप लगाया था।

करीब 9 महीने पहले सैलाना विधायक कमलेश डोडियार पर रतलाम जिले के बाजना में मेडिकल स्टोर संचालक तपन राय ने 1 करोड़ रुपए मांगने का आरोप लगाया था। ​​​​​तपन ने वीडियो जारी करते हुए कहा था-19 फरवरी को करीब 4 बजकर 10 मिनट पर विधायक साहब का कॉल आया। उन्होंने कहा कि तुम अवैध रूप से मेडिकल चला रहे हो। मुझसे मिलो। नहीं तो ठीक नहीं रहेगा।

उसी दिन मैं उनसे मिलने गया। उनके गार्ड ने मेरी चेकिंग कर मोबाइल बाहर ही रख लिया। मैं अंकल को साथ ले गया था, लेकिन उन्हें बाहर कर दिया। मुझसे पूछा गया कि क्या डिग्री है। मैंने कहा कि फार्मासिस्ट हूं, तब उन्होंने (विधायक) कहा कि मेरे क्षेत्र में रहने नहीं दूंगा। उन्होंने धीरे से इशारा किया- कितने दे सकते हो।

उन्होंने मुझे 1 करोड़ रुपए देने को कहा। आज (शुक्रवार) मेरे मेडिकल स्टोर पर आकर बैठ गए। मुझे कहा कि हमारे विधायक प्रतिनिधि दशरथ डिंडोर को बात करने के लिए भेजा था, उनसे बात क्यों नहीं की। मौका दिया तो नौबत यहां तक नहीं आती। जाते-जाते कहते गए कि तेरे को जेल भेजकर मानूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *