
इन दिनों आईपीएल 2020 (IPL 2020) सीजन चल रहा है. इस महामारी के दौर में भी आईपीएल आयोजित करने के लिए आयोजकों को कई तरह के खास इंतजाम करने पड़े. वहीं इन इंतजामों के बारे में किंग्स इलेविन पंजाब की मालकिन और बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने खुलासा किया है. प्रीति जिंटा ने बताया है कि वो बायो बबल (Bio Bubble) में रह रही हैं और इस दौरान उनकी लाइफ कैसी है.प्रीति ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने खुद को कोविड टेस्ट क्वीन बताया है। ऐसा इसलिए क्योंकि वे दुबई पहुंचने के पहले से लेकर 20 अक्टूबर तक 20 बार कोरोना टेस्ट करवा चुकी हैं। यह गनीमत रही है कि हर बार रिजल्ट निगेटिव ही आया।
दरअसल, प्रीति जिंटा ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में प्रीति कोरोना टेस्ट करवाती दिखाई दे रही हैं. प्रीति के सामने पीपीई किट पहने मेडिकल स्टाफ की एक महिला उनका टेस्ट कर रही है. वहीं टेस्ट कराने के बात प्रीति जिंटा कहती दिखाई दे रही हैं कि ये महिला कोरोना टेस्ट करने के लिए बेस्ट पर्सन हैं क्योंकि वो बेहद संजीदगी से जांच करती हैं.
इस वीडियो के कैप्शन में प्रीति ने बताया कि आईपीएल बायो बबल में जिंदगी कैसी होती है. उन्होंने लिखा- ‘मुझसे हर कोई पूछता है कि आईपीएल टीम बायो बबल में रहना कैसा होता है. तो बता दूं कि ये 6 दिन के क्वारंटाइन से शुरु होता है, कोविड टेस्ट हर 3 से 4 दिन में और बाहर नहीं जाना, सिर्फ हमारे कमरे, KXIP के लिए निर्धारित रेस्टोरेंट, जिम और जाहिर तौर पर कार में स्टेडियम. ड्राइवर्स, शेफ सभी बायो बबल में ही रहते हैं. इसलिए बाहर से कोई खाना नहीं, लोगों ने बातचीत नहीं. अगर आप मेरी तरह फ्री बर्ड हैं तो ये काफी मुश्किल है लेकिन फिर ये 2020 है. हमें इस बात पर खुश होना चहिए कि महामारी के बीच में आईपीएल आयोजित हुआ’.