
सैलाना विधायक ने रविवार को राजस्थान के बांसवाड़ा में एक सभा को संबोधित किया।
रतलाम के सैलाना से भारतीय आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वे कलेक्टर को लेकर कह रहे हैं कि ‘तेरे बाप का राज है क्या? कुछ भी ऑर्डर निकाल देगा। जिला तेरे इशारे पर नहीं, कानून के हिसाब से चलेगा।’
विधायक डोडियार ने कलेक्टर राजेश बाथम के जाति प्रमाण पत्र पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ‘हमें ये जानकारी मिली है कि उनका एससी का, शेड्यूल कास्ट का सर्टिफिकेट फर्जी में लगा रखा है।’
विधायक का ये वीडियाे राजस्थान के बांसवाड़ा का बताया जा रहा है। डोडियार ने यहां रविवार को एक सभा को संबोधित किया था। वीडियो में वो ये कहते नजर आ रहे हैं –
इतना बवाल हुआ रतलाम में, पूरी दुनिया देख रही है। कलेक्टर ने ऑर्डर निकाल दिया है। मैंने कलेक्टर को बोल दिया है, कलेक्टर कैसे बने हैं? एक-दो बात पर शंका है। कलेक्टर तो आईएएस बनता है, वो आदमी एमपीपीएससी वाला कैसे बन गया? सवाल नंबर एक तो यह हो गया। सवाल नंबर दो, हमें जानकारी मिली है कि उनका एससी का, शेड्यूल कास्ट का सर्टिफिकेट फर्जी में लगा रखा है।
विधायक वीडियो में कह रहे हैं- ‘अभी उनकी तैयारी चल रही है कि धारा 144 लगा दो। बोले कि 100 मीटर के आसपास नहीं आना। मैंने बोला पहले तो इसको हटा। तेरे बाप का राज है क्या? कुछ भी ऑर्डर निकाल देगा। कलेक्टर तेरे इशारे पर जिला नहीं चलेगा, कानून के हिसाब से चलेगा।’
उधर, विधायक डोडियार के बयान पर कलेक्टर ने कोई भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।
बाद में कहा-एससी नहीं एसटी का सर्टिफिकेट फर्जी
कलेक्टर के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने भास्कर को बताया कानून के आधार पर काम करना चाहिए। मेरा भी राज नहीं है। कानून का राज है। कोई भी कुछ भी आदेश निकाल देगा क्या? पद का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए।
कलेक्टर ने एससी नहीं एसटी का सर्टिफिकेट फर्जी बना रखा है। वह गलती से मुझ से एससी बुला गया। मेरे समेत चार लोगों पर झूठा केस दर्ज किया। इसके खिलाफ भी कार्रवाई करुंगा। रतलाम में प्रदर्शन किया जाएगा।
इधर, विधायक की टिप्पणी को लेकर कलेक्टर राजेश बाथम ने कुछ भी कहने से मना कर दिया है।
विधायक की ओर से बड़े आंदोलन की चल रही तैयारी
दरअसल, ये पूरा मामला गुरुवार रात को रतलाम जिला अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर सीपीएस राठौर और विधायक कमलेश्वर डोडियार के विवाद से जुड़ा है। जिसमें विधायक ने डॉक्टर पर गाली देने और डॉक्टर ने विधायक पर दादागिरी करने के आरोप लगाए थे। इस मामले में दोनों ने एक दूसरे पर पुलिस में केस दर्ज कराया था।
विधायक डोडियार की ओर से उन पर लगा झूठा केस खत्म करने, डॉक्टर के खिलाफ धाराएं बढ़ाने और उन्हें बर्खास्त करने की मांग को लेकर बड़े प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है।
कलेक्ट्रेट-एसपी ऑफिस पर धरना-प्रदर्शन पर रोक
इससे पहले शनिवार को कलेक्टर राजेश बाथम ने कलेक्ट्रेट व एसपी ऑफिस परिसर में धरना, प्रदर्शन पर रोक लगा दी है। दोनों कार्यालयों के 100 मीटर की परिधि में कोई भी सभा, धरना व प्रदर्शन नहीं कर पाएगा। कलेक्टर ने यह प्रतिबंधात्मक आदेश आगामी दो माह तक के लिए जारी किया था।
इसके बाद विधायक डोडियार ने कलेक्टर को पत्र लिखा था। रविवार को कलेक्टर ने स्पष्ट किया था कि कलेक्टर व एसपी कार्यालय में ज्ञापन अथवा आवेदन देने पर कोई रोक नहीं है। कोई आमजन, वर्ग, संगठन आदि अपनी समस्या, शिकायत अथवा परेशानी के निवारण के लिए ज्ञापन दे सकते हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया था कि वे गतिविधियां प्रतिबंधित की हैं, जिनसे कानून व्यवस्था बिगड़ने का अंदेशा रहता है। शासकीय कार्य प्रभावित हो सकता है। आमजन को परेशानी हो सकती है। मात्र सभा, धरना प्रदर्शन और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग प्रतिबंधित है। शनिवार को जारी आदेश को लेकर विधायक ने कलेक्टर पर सवाल खड़े कर दिए थे।

विधायक बोले- 11 तारीख को मुझे अकेला महसूस न होने दें
सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि डॉक्टर की बर्खास्तगी और खुद समेत चार लोगों पर दर्ज केस वापस लेने की मांग को लेकर रतलाम में 11 दिसंबर को आदिवासी समाज प्रदर्शन करेगा। विधायक ने वीडियो जारी कर कहा है कि 11 तारीख को मुझे अकेला महसूस ना होने दें। रतलाम जिले में पता चल जाना चाहिए कि पूरे आदिवासी समाज में एकता है। विधायक ने चार राज्यों के आदिवासी लोगों से इस प्रदर्शन में शामिल होने का आव्हान किया है।
डोडियार ने सोमवार को सैलाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसके बाद उन्होंने वीडियो जारी किया। जिसमें कहा-
चार दिन पहले मेरे साथ कथित डॉक्टर ने दुर्व्यवहार किया। जाति सूचक शब्दों का उपयोग किया। गाली मुझे नहीं दी यह गाली पूरे आदिवासी समाज को दी। इसलिए मेरा हाथ जोड़ कर विनती है मुझे अकेला महसूस ना होने दें। मेरा रतलाम जिला सैलाना विधानसभा क्षेत्र है। मेरे लायक आपका कुछ भी काम पड़ेगा मैं खड़ा रहूंगा।
विवाद से जुड़ी 4 तस्वीरें देखिए